भरमौर। जनजातीय उपमंडल के भरमौर-होली वाया सियंूर मार्ग पर रावी नदी पर निर्माणाधीन स्टील ट्रस पुल मंगलवार सुबह भू-स्ख्लन के कारण ध्वस्त हो गया। इस घटना में लोक निर्माण विभाग को लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। इस घटना के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप होकर रह गई है। मंगलवार सुबह निर्माणाधीन पुल के पास पहाड़ी के दरकने से हुए भू-स्ख्लन से पुल उखडक़र नीचे रावी नदी में जा गिरा। गनीमत यह रही कि इस दौरान निर्माणाधीन पुल के पास कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था।
इस दौरान वहां से गुजर रहे व्यक्ति ने पुल के गिरने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बस योग्य स्टील ट्रस पुल की कुल लागत 601.85 लाख रुपए निर्धारित की गई थी। एनसीसी कंस्ट्रक्शन कंपनी पप्राइवेट लिमिटेड चंबा द्वारा इस पुल का निर्माण कार्य किया जा रहा था। इस पुल का करीब 90 फीसदी कार्य पूरा हो चुका था। यह पुल होली घाटी को मुख्य भरमौर से जोडऩे के लिए एक लाइफ लाइन माना जा रहा था।
मौसम खुलते ही शुरू हंोगा काम
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संजीव शर्मा ने बताया कि यह पुल बसों के आवागमन के लिहाज से डिजाइन किया गया था। इसका स्पैन 68 मीटर लंबा था। लगातार पत्थर गिरने के कारण फिलहाल मौके पर कार्य शुरू करना संभव नहीं है। जैसे ही भू-स्खलन और पत्थर गिरने का सिलसिला थमते सडक़ एवं पुल की बहाली का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा।
