Spread the love

चंबा। चंबा-पठानकोट एनएच पर छतरी मोड़ के पास कार दुर्घटनाग्रस्त होने से इसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई। कार में दो लोग ही सवार थे। पुलिस ने मेडिकल कालेज चंबा में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात सरू से बनीखेत की ओर से जा रही कार छतरी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई से लुढक़कर नीचे चौहडा डैम मार्ग पर जा गिरी। परिणामस्वरूप इसमें सवार लखन कांत पुत्र मनोहर लाल और अंकुश पुत्र स्व. ज्ञान चंद दोनों निवासी सरू की मौके पर ही मौत हो गई। कार गिरने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।

सूचना पाते ही पुलिस टीम के अलावा मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने स्थिति का जायजा लेने के साथ ही लोगों के सहयोग से शवों को खाई से उठाकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया। इस संदर्भ में सदर पुलिस थाना चंबा में मामला दर्ज किया गया है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। दुर्घटना को लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।

कोकसर-रोहतांग सडक़ पर लुढक़ गया सैलानियों का वाहन, एक घायल

कुल्लू। कोकसर-रोहतांग मार्ग पर धारा वाटरफॉल के पास एक पर्यटक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। वाहन दुर्घटना में मां-बेटे की मौत हो गई। एक घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। ग्राम्फू के पास गाड़ी खड़ी कर दी थी। इस दौरान कुछ पर्यटक गाड़ी से बाहर वादियों का नजारा देखने गए थे। तीन पर्यटक वाहन में बैठे थे। इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित हुई और खाई में जा गिरी। रोहतांग मार्ग पर एक दर्दनाक सडक़ हादसे में मां और उसके 11 माह के बेटे की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य महिला घायल हो गई है। पर्यटकों की कार कोकसर से करीब चार किलोमीटर दूर धारा वाटरफॉल के पास सडक़ से गहरी खाई में जा गिरी। पर्यटक मनाली से अटल टनल होते हुए रोहतांग दर्रा घूमने जा रहे थे। धारा वाटरफॉल के निकट वाहन रोका गया। चालक समेत अन्य पर्यटक वाहन से बाहर उतर गए , जबकि कार में दो महिलाएं और एक बच्चा मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार बैक गियर में पीछे की ओर लुढक़ते हुए खाई में समा गई। मृतकों की पहचान 26 वर्षीय तनु कुमारी पत्नी दीपक कुमार सिंह और दक्ष कुमार सिंह पुत्र दीपक कुमार को मृत घोषित कर दिया। दोनों हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सियाराम एन्क्लेव के निवासी थे। हादसे में घायल सविता देवी पत्नी मनोज सिंह निवासी वैशाली बिहार का मनाली के सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

You missed