सोलन : घुमारवीं के राजकीय महाविद्यालय के खेल मैदान निर्माण में हरे पेड़ों के अवैध कटान पर वन विभाग ने डैमेज रिपोर्ट बनाने के बाद 42 हजार 171 रुपये का जुर्माना वसूल किया महाविद्यालय में पेड़ कटान मामले में दूसरी बार जुर्माना लगाया गया है। राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में कुछ दिनों पहले अवैध रूप से हरे पेड़ों को काटा गया था . वन विभाग के आरओ ने बुधवार को निरीक्षण में पाया कि 14 पेड़ों को काटा गया है। इसके अलावा कुछ और हरे पेड़ों की भी मिट्टी में दबे होने की आशंका जाहिर करते हुए कालेज प्रबंधन को तीन दिन के भीतर मिट्टी हटाकर दबाए गए पेड़ों को बाहर निकालने के आदेश दिए थे। वन विभाग ने डैमेज रिपोर्ट तैयार कर 14 पेड़ों की एवज में जुर्माना वसूला।
वन विभाग की तरफ से सभी काटे गए पेड़ों का आकलन करने के बाद डीआर काटी गई। वन अधिकारी के मुताबिक इस सारे अवैध कटान के लिए मैदान निर्माण के काम में लगे ठेकेदार ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए इस जुर्माने को भरने की हामी भरी है। इसके बाद जुर्माना मैदान निर्माण में लगे ठेकेदार से वसूल किए गए। आरओ देशराज ने बताया कि विभाग ने मैदान में मौजूद अन्य पेड़ों के लिए भी महाविद्यालय प्रबंधन को जल्द ही इनके लिए वन विभाग से अनुमति लेने के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं।
महाविद्यालय घुमारवीं में इससे पहले 56 पेड़ों को काटने पर 85 हजार 600 रुपये जुर्माना लग चुका है। बावजूद इसके महाविद्यालय परिसर में दूसरी बार ऐसा मामला सामने आया है, लेकिन बार-बार ऐसे मामले में किसकी चूक नजर आती है यह भी अपने आप में एक बड़ा जांच का विषय है।
