शिमला। लगभग एक सप्ताह के बाद दिल्ली से लौटे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आते ही ताबड़तोड़ बैटिंग की। उन्होंने जहां कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर पटाक्षेप किया तो वहीं विपक्ष को भी आड़े हाथ लिया। इस दौरान उन्होंने विधायक सुधीर शर्मा पर भी तंज कसा, तो साथ ही जयराम ठाकुर को भी माकूल जवाब दिया। शिमला पहुंचने के बाद मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर हाइकमान को चि_ी लिखी है। सीएम ने कहा कि कोई मंत्री अध्यक्ष बने तो उन्हें इसमें कोई एतराज नहीं है। सभी मंत्रियों ने हाइकमान को अपनी राय दी है और उन्होंने भी अपनी बात कह दी है।
उन्होंने कहा कि हाइकमान को लिखी चि_ी में उन्होंने साफ कहा है कि कांग्रेस में अध्यक्ष की ताजपोशी जल्द की जाए। हाइकमान चाहे तो अनुसूचित जाति वर्ग से किसी नेता को पार्टी का अध्यक्ष बनाए या फिर मंत्रिमंडल के किसी सहयोगी को यह जिम्मेदारी सौंपी जाए। इसमें उन्हें किसी तरह का कोई एतराज नहीं। उन्होंने अपनी पसंद हाइकमान का बता दी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हाइकमान को किसी का नाम नहीं दिया है क्योंकि फैसला खुद पार्टी हाइकमान को करना है। उनके लिए सभी लोग एक समान हैं अब पार्टी निर्णय करे कि किसे अध्यक्ष बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का फैसला जल्द हो जाएगा। सीएम ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष और संगठन बनने के बाद कैबिनेट विस्तार भी होना है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में अभी मंत्री का एक पद खाली है। जल्द इस पर एक मंत्री की ताजपोशी होनी है। इसे लेकर बीते सोमवार को दिल्ली में हाईकमान से भी बात हुई है। उन्होंने कहा कि मंत्री रहते हुए कोई अध्यक्ष बनेगा या नहीं, यह हाईकमान तय करेगा। दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अनुसूचित जाति या मंत्री मंडल के किसी सहयोगी को अध्यक्ष बनाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। सुक्खू कैबिनेट के मंत्रियों में से पूर्व में अनिरुद्ध सिंह और बीते दो.तीन दिन से रोहित ठाकुर का नाम चर्चा में आया है। मंत्रियों ने भी दिल्ली से आने के बाद कहा है कि हाइकमान उन्हें जिम्मेदारी देगा तो वह निभाएंगे। वहीं अनुसूचित जाति से विनय कुमार व विनोद सुल्तानपुरी का नाम चर्चा में है।
हिमकेयर से भी रोबोटिक सर्जरी की सुविधा
सीएम ने एक सवाल के जवाब में कहा कि रोबोटिक सर्जरी करवाने वाले मरीजों को भी हिम.केयर कार्ड से मुफ्त इलाज मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब साल में हिम.केयर कार्ड चार बार बनेंगे। जिन मरीजों के यह कार्ड नहीं होंगे, उनके कार्ड संबंधित अस्पतालों के एमएस बना सकेंगे। एमएस को 100 कॉर्ड का कोटा दिया गया है जो जरूरत के हिसाब से तुरंत इनको बना सकते हैं। बता दें कि रोबोटिक सर्जरी पर विपक्ष नेता जयराम ठाकुर ने सवाल किया था कि हिमकेयर कॉर्ड वालों को भी यह सुविधा मिलनी चाहिए जिसपर सीएम ने एलान कर दिया।
लॉटरी को लेकर जयराम पर निशाना
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने एक अन्य सवाल पर कहा कि देश के कई भाजपा और माकपा शासित राज्यों में भी लॉटरी सिस्टम है। मध्य प्रदेश, गोआ, केरला इत्यादि राज्यों में लॉटरी चल रही है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर कभी कुछ कहते हैं, कभी कुछ। उन्होंने कहा कि लॉटरी ऑनलाइन होगी। ये दुकानों, खोखे में नहीं बिकेगी। जो लोग खेलना चाहते हैं, वो खेलें क्योंकि लोग ड्रीम.11 भी खेल रहे हैं। ऐसे में राज्य सरकार भी उनको सुविधा दे रही है।
तिरंगे का अपमान करने वालों पर कार्रवाई होगी
मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि तिरंगे पर जूते फेंकना बीजेपी को शोभा नहीं देता। तिरंगे के सम्मान के लिए कांग्रेस पार्टी ने बलिदान दिए हैं। जूता फेंक कर तिरंगे का अपमान करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी।
विधायक सुधीर पर तंज
मुख्यमंत्री ने धर्मशाला से बीजेपी विधायक सुधीर शर्मा द्वारा राहत फंड में 51 लाख रुपए देने के सवाल पर तंज कसते हुए कहा कि देखना पड़ेगा कि कहीं ये वो पैसा तो नहीं है जो पार्टी बदलते वक्त लिया गया था।
संजौली हेलिपोर्ट से उड़ान की मंजूरी
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि शिमला के संजौली हेलिपोर्ट से उड़ान की मंजूरी मिल गई है। यहां से जल्द चंड़ीगढ़ को उड़ान शुरू होगी। बता दें कि सरकार ने संजौली में छोटा हेलिपोर्ट बनाया है। अभी तक यहां से उड़ान की परमिशन नहीं थी। लिहाजा सभी चंडीगढ़ से आने वाले हेलिकॉप्टर जुब्बड़हट्टी लैंड करते थे जो शिमला से लगभग 20 किलोमीटर दूर है। ऐसे में अब संजौली में हैलिकॉप्टर उतरने से चंडीगढ़ से आने वाले यात्री सीधे शहर के बीचोंबीच उतर पाएंगे।
एचपीयू के टीचरों की सैलरी रिलीज
इस दौरान सीएम सुक्खू ने एक सवाल पर कहा कि हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी के टीचरों की सैलरी रिलीज कर दी गई है। उन्होंने इसे लेकर अधिकारियों को आदेश दे दिए हैं और आज ही उनके खातों में पैसे आ जाएंगे।
