धर्मशाला: कांगड़ा जिला के लंबागांव के एक परिवार के चार सदस्यों ने कोरोना को मात देकर सकुशल घर वापिसी की है। इसी परिवार के कोरोना पॉजिटिव दो सदस्यों सत्तर वर्षीय महिला एवं उसके 48 वर्षीय बेटे का कोविड-19 सेंपल नेगेटिव आया था जबकि वीरवार को इसी महिला की कोविड पॉजिटिव 41 वर्षीय बहू और नौ वर्षीय पोती का सेंपल भी नेगेटिव आने से परिवार में खुशी का माहौल बन गया है।
उल्लेखनीय है कि उक्त परिवार 18 मई को मुंबई से अपने घर के लिए निकला था और इनको संस्थागत क्वारंटीन किया गया और सेंपल भी लिए गए, 23 मई को इनका कोविड-19 का सेंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है इसके पश्चात 73 वर्षीय महिला को उपचार के लिए कोविड अस्पताल धर्मशाला में रखा गया जबकि उसके बेटे, बहू तथा बेटी को कोविड केयर सेंटर बैजनाथ में रखा गया था।
अब कोविड-19 सेंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आने के पश्चात परिवार ने राहत की सांस ली है। उपायुक्त कांगड़ा राकेश प्रजापति ने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले नागरिकों के नियमित तौर पर सेंपल लिए जा रहे हैं तथा संस्थागत क्वारंटीन भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 पॉजिटिव नागरिकों को बैजनाथ, डाढ, धर्मशाला तथा फतेहपुर में कोविड केयर सेंटर स्थापित किए गए हैं जहां पर लोगों की उचित देखभाल की जा रही है। उपायुक्त ने कहा कि कांगड़ा जिला में अब तक 8325 सेंपल लिए जा चुके हैं जिनमें से 7988 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है जबकि कुल पॉजिटिव मामले 98 रिपोर्ट किए गए हैं जिसमें 48 नागरिक स्वस्थ हो चुके हैं और एक की मौत हुई है। उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि लोगों को रोगों से लड़ने की क्षमता को मजबूत करना होगा इसके साथ ही सामाजिक दूरी की पूरी अनुपालना भी सुनिश्चित करना होगा।
