लखनऊ। राज्य में आज पांचवे चरण के लिए मतदान हो रहा है. प्रतापगढ़ में कांग्रेस उम्मीदवार आराधना मिश्रा ने संग्रामगढ़ में मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट दिया. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ‘रामपुर खास के लोग फिर से इतिहास रचेंगे और कांग्रेस ने जिन मुद्दों को उठाया है- किसान, युवा, महिला सुरक्षा और महंगाई के लिए वोट करेंगे. यूपी की जनता कांग्रेस पर भरोसा जताएगी.’
चुनावी मैदान में बड़े चेहरे
यूपी चुनाव के पांचवें चरण में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी की सिराथू सीट से मैदान में हैं. जबकि रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया प्रतापगढ़ की कुंडा सीट से एक बार फिर ताल ठोक रहे हैं. इसके अलावा प्रतापगढ़ जिले में ही अपना दल (कमेरावादी) की अध्यक्ष कृष्णा पटेल समाजवादी पार्टी के गठबंधन के कैंडिडेट के रूप में बीजेपी को टक्कर दे रही हैं. यहीं की रामपुर खास विधान सभा सीट से कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ भी मैदान में हैं. जबकि अमेठी की पूर्व रियासत के मुखिया संजय सिंह अमेठी सदर, तो योगी कैबिनेट के मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह प्रतापगढ़ की पट्टी विधान सभा, प्रयागराज पश्चिम से मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, प्रयागराज दक्षिण मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, चित्रकूट से राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय और गोंडा सदर से बीजेपी सांसद ब्रज भूषण शरण सिंह के बेटे प्रतीक भूषण सिंह समेत कई दिग्गज मैदान में हैं.
