शिमला। जम्मू और कश्मीर के उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में पिछले पांच दिनों से चल रहे ऑपरेशन में रविवार को पांच आतंकियों को मार गिराने में सेना को सफलता मिली। इस बीच मुठभेड़ में एक जेसीओ समेत पांच जवान शहीद हो गए। दो जवान भी घायल हुए हैं। इनका सैन्य अस्पताल में इलाज चल रहा है। शहीदों में हिमाचल, उत्तराखंड के दो-दो और एक जवान राजस्थान का है। केरन सेक्टर में एलओसी पर तैनात जवानों को 5-6 आतंकियों के ग्रुप के घुसपैठ कर दाखिल होने का इनपुट पिछले बुधवार को मिला था।
इस सूचना के आधार पर सेना ने आवूरा, कुमकाडी, जुरहामा सफावाली, बटपोरा, हायहामा आदि इलाकों की घेराबंदी कर ली। चौथे दिन शनिवार की शाम को आतंकियों की मूवमेंट देखने के बाद जामगुंड इलाके के रंगदूरी, गुगुलदारा तथा तीन बहक में इलाइट पैरा ट्रूपर को भेजा गया। घेरा सख्त होते देख जंगल में छिपे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई। पूरी रात फायरिंग होती रही। सेना की जवाबी कार्रवाई में पांच आतंकी मारे गए। इस दौरान पांच जवान भी घायल हो गए। सभी को यहां से निकाल कर सेना के अस्पताल में पहुंचाया गया। सैन्य अस्पताल में इलाज के दौरान जेसीओ समेत पांच जवानों ने दम तोड़ दिया। कुछ और घायल जवान उपचाराधीन हैं।
सुरक्षा बलों का ऑपरेशन जारी है। छिपे आतंकियों की तलाश के लिए पैरा कमांडो को भी लगाया गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई बचा न रह जाए। पूरे ऑपरेशन में 4 पैरा, 41 राष्ट्रीय राइफल्स, 57 राष्ट्रीय राइफल्स, 8 जाट रेजीमेंट तथा एसओजी कुपवाड़ा लगा हुआ है। आसपास के जंगलों में भी तलाशी अभियान चलाया गया है।
