आनी : आनी के हरिपुर स्थित डिग्री कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को आ रही दिक्कतों को लेकर शनिवार को एसएफआई आनी इकाई द्वारा प्रिंसीपल को एक ज्ञापन सौंपा गया। एसएफआई के अध्यक्ष रमाकांत ने कहा कि कॉलेज में छात्रों को अनेक प्रकार की दिकतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कॉलेज में प्राध्यापकों के अनेकों पद खाली पड़े है। कॉलेज में राजनीतिक शास्त्र, इतिहास, संगीत के प्राध्यापक नहीं हैं, जबकि वाणिज्य शास्त्र और विज्ञान विभाग में केवल एक – एक प्राध्यापक है। फलस्वरूप कॉलेज से बच्चों का दूसरे कॉलेज के लिए पलायन जारी है।
उन्होंने कहा कि कॉलेज में प्राचार्य का पद खाली है,जबकिं लाइब्रेरी में स्टाफ ही नहीं,नए पब्लिकेशन की किताबें तक उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा एसएफआई ने कॉलेज में बस पास बनवाने के लिए काउंटर खोलने की भी मांग रखी। एसएफआई इकाई के सचिव राहुल ने कहा कि यदि इन समस्याओं को जल्द न सुलझाया गया तो आम छात्रो को लामबंद करके उग्र आंदोलन छेड़ दिया जाएगा।
