शिमला/कांगड़ा। प्रदेश में 10 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। इनमें तीन कांगड़ा, शिमला एक, कुल्लू एक, बिलासपुर एक, ऊना एक और दो मामले हमीरपुर के हैं। इसके साथ ही राज्य में शुक्रवार को 10 और कोरोना मरीज स्वस्थ हो गए हैं। दिल्ली से 27 मई को लौटा नूरपुर तहसील क्षेत्र का रहने वाला 40 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। मिजग्रां में पति (34 वर्षीय) और पत्नी (31 वर्षीय) कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।ये दिल्ली से 27 मई को लौटे हैं।
इनका दो साल का बेटा पहले ही कोरोना संक्रमित है जिसका उपचार बैजनाथ कोविड अस्पताल में चल रहा है। ऊना में भी एक पॉजिटिव मामला आया है। 30 मई को महाराष्ट्र से लौटा हरोली उपमंडल का 75 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। संक्रमित को कोविड केयर सेंटर खड्ड शिफ्ट किया जा रहा है। वहीं, चंबा में भी 24 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। युवक 24 मई को नोएडा से लौटा था और होम क्वारंटीन था। बिलासपुर में शुक्रवार शाम को झंडूता ब्लॉक में एक और कोरोना पॉजिटिव मामला आया।
अब जिले में कोरोना के कुल मामले 21 हो गए हैं। जिनमें से नौ स्वस्थ हो चुके हैं। जानकारी के अनुसार कोरोना पॉजिटिव महिला को स्वास्थ्य विभाग की ओर से होम क्वारंटीन में रखा गया था। महिला के पति की पहले ही रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। वहीं शुक्रवार को महिला के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सीएमओ बिलासपुर डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि महिला का यात्रा इतिहास दिल्ली की है। महिला को इलाज के लिए कोविड अस्पताल चांदपुर शिफ्ट किया जा रहा है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 393 पहुंच गया है।
अब तक 185 लोग स्वस्थ्य होकर घर लौट चुके हैं। राज्य में सक्रिय मामले 199 हो गए हैं। चार लोग प्रदेश के बाहर शिफ्ट हो गए हैं। कोरोना से राज्य में पांच की मौत हुई है। बैजनाथ कोविड अस्पताल में एडमिट दो कोरोना मरीज स्वस्थ हो गए हैं। इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। पंचरुखी तहसील क्षेत्र का 42 वर्षीय व्यक्ति और पालमपुर तहसील क्षेत्र के 35 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। सिरमौर जिले में तीन पंचायतों के नौ गांव सील कर दिए गए हैं। महिला के कोरोना संक्रमित होने पर कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। बर्मापापड़ी, पालियो और त्रिलोकपुर पंचायत में धारा 144 लागू की गई है।
निरमंड में आठ महीने की बच्ची कोरोना पॉजिटिव
जिला कुल्लू के निरमंड क्षेत्र में एक आठ महीने की बच्ची भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई है। जिला में कोरोना के अब कुल मामले चार हो गए हैं। जिनमें से एक युवक स्वस्थ हो गया है। जानकारी के अनुसार कोरोना पॉजिटिव आई बच्ची अपनी मां के साथ पहले ही होम क्वारंटीन में थी। बच्ची समेत छह लोगों का परिवार 19 मई को दिल्ली से लौटा था। परिवार का 65 वर्षीय बुजुर्ग पहले ही कोरोना पॉजिटिव है और उसका इलाज कुल्लू स्थित कोविड केयर सेंटर में चल रहा है।
इसके बाद पूरे क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाया गया। इस दौरान परिवार के सभी लोगों के सेंपल लिए गए थे और शुक्रवार को रिपोर्ट आने पर आठ महीने की बच्ची पॉजिटिव आई है। डीसी कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा ने बताया कि बच्ची की ट्रेवल हिस्ट्री दिल्ली की है। बच्ची को मां के साथ आइसोलेशन में रखा गया है। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि कोरोना को लेकर किसी तरह की अफवाह न फैलाएं।
