Spread the love

शिमला। आज हिमाचल प्रदेश में कोराना वायरस के 14 नए मामले आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना वायरस के मामलों का आंकड़ा 218 पहुंच गया है। राज्य में कोरोना के 146 सक्रिय मामले हैं। अब तक 65 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि पांच की मौत हुई है। सोमवार को राजधानी शिमला में तीन कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। जिला शिमला के चौपाल क्षेत्र के तीन युवक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एसडीएम ठियोग केके शर्मा ने बताया कि 19 मई को नौ लोग मुंबई से चौपाल आए थे। प्रशासन की ओर से इन्हें देहा के विश्राम गृह में संस्थागत क्वारंटीन किया गया था।

इनमें से तीन लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। कोरोना संक्रमितों को मशोबरा भेजा जा रहा है। तीनों युवकों में कोरोना के कोई लक्षणनहीं होने के बावजूद भी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एसडीएम केके शर्मा ने बताया कि देहा के विश्राम गृह को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।वहीं, कांगड़ा के दो संक्रमित अहमदाबाद से लौटे हैं। 39 वर्षीय और 36 वर्षीय कोरोना संक्रमित डाड तहसील क्षेत्र के रहने वाले हैं। इसके बाद शाम को चार और मामले आए। इनमें दौलतपुर निवासी 36 वर्षीय व्यक्ति, जयसिंपुर निवासी 64 और 70 वर्षीय व्यक्ति के अलावा पुड़वा का ण्क 42 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया।

सभी महाराष्ट्र से लौटे थे और परौर में क्वारंटीन थे। दो को धर्मशाला और अन्य दो को डाढ कोविड केयर सेंटर भेजा जा रहा है। हमीरपुर जिला में कोरोना वायरस से संक्रमित एक गर्भवती महिला का मामला सामने आया है। बड़सर क्षेत्र के पहलू गांव की यह 25 वर्षीय गर्भवती महिला अपने पति के साथ मुंबई से लौटी थी और उसका 29 वर्षीय पति भी गत 22 मई, 2020 को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था। महिला को डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर में आईसोलेशन में रखा गया था। हिमाचल में कोरोना वायरस से पांचवीं मौत हो गई है।

नेरचौक मेडिकल कॉलेज मंडी में उपचाराधीन कोरोना संक्रमित महिला ने भी सोमवार को दम तोड़ दिया। किडनी रोगी कोरोना संक्रमित महिला को सोमवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर वेंटिलेटर पर रखा गया था। लेकिनशाम करीब सवा चार बजे महिला ने दम तोड़ा। प्रदेश में सोमवार को कोरोना संक्रमण से यह दूसरी मौत है। साथ ही संक्रमण का शिकार हुए किडनी रोगी की यह तीसरी मौत है। इससे पहले कोरोना से हमीरपुर की कोरोना संक्रमित महिला की आईजीएमसी शिमला में देर रात मौत हो गई है।वहीं सोलन जिले के बद्दी की गर्भवती महिला चंडीगढ़ में कोरोना संक्रमित पाई गई है।

गर्भवती होने की वजह से महिला को बद्दी से चंडीगढ़ शिफ्ट किया गया था। एसडीएम प्रशांत देष्टा ने इसकी पुष्टि की है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने कैलाश बिहार भवन को सील कर लिया है। हिमाचल के कांगड़ा जिले के चार और मरीजों ने कोरोना से जंग जीत ली है। कोविड-19 केयर सेंटर बैजनाथ में भर्ती चार मरीजों की फॉलोअप रिपोर्ट निगेटिव आई है। ये मरीज 13, 14 और 15 मई को पॉजिटिव आए थे। जिले में 20 मार्च के बाद अभी तक 17 मरीज ठीक हो चुके हैं। इन्हें घर भेज दिया गया है। अगले सात दिन तक सभी होम क्वारंटीन में स्वास्थ्य विभाग की टीमों के संपर्क में रहेंगे। इनमें कोई आठ तो 12 दिन बाद स्वस्थ होकर घर गया है। सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है।

You missed