शिमला : राजधानी शिमला में अपनी मांगे ना माने जाने के विरोध में डॉक्टर आज से डेढ़ घंटे की पेन डाउन स्ट्राइक पर रहेंगे। संघ ने प्रधान सचिव स्वास्थ्य को पत्र लिखकर सूचित किया है। संघ ने लिखा है कि प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ मांगे ना माने जाने पर कल सुबह 9:30 बजे से 11:00 बजे तक पेन डाउन हड़ताल पर रहेंगे। संघ ने पत्र लिखकर प्रधान सचिव स्वास्थ्य को सूचित किया है कि स्वास्थ्य निदेशक की सेवानिवृत्ति के बाद स्वास्थ्य निदेशक के पद को अब तक नहीं भरा गया। स्वास्थ्य निदेशक के पद को संयुक्त निदेशक में से किसी एक को पदोन्नत करके जल्द भरा जाए।प्रदेश चिकित्सक संघ हमेशा से ही किसी भी चिकित्सक के सेवा विस्तार के विरोध में रहा है। प्रदेश में पहले से ही अधिकांश बेरोजगार युवा चिकित्सक मौजूद है। संघ ने कहा कि किसी भी चिकित्सक को सेवा विस्तार देना युवा चिकित्सकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। जिन जिन चिकित्सा अधिकारियों को सेवा विस्तार दिया गया है उन्हें शीघ्र ही सेवानिवृत्त किया जाए।
बता दें कि संघ की मुख्य मांगों में अनुबंध पर चयनित चिकित्सकों का ग्रेड पे का 150% मानदेय कुछ चिकित्सकों को नहीं दिया गया है। इसे जल्द एरियर के साथ बहाल किया जाए। संघ के महासचिव डॉ दुष्यंत ठाकुर ने कहा कि फरवरी महीने में भी संघ ने संयुक्त संघर्ष कमेटी के आवाहन पर संघर्ष का रास्ता अपनाया था लेकिन अब तक चिकित्सकों की मांगों को नहीं माना गया है। इन सभी मांगों को लेकर सरकार ने एक कमेटी का गठन किया था लेकिन अब तक उसका कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।
