शिमला। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल कौशल के दम पर पदक हासिल करने वाले आठ खिलाडिय़ों को राज्य सरकार इसी माह सम्मानित करेगी। इस दौरान हिमाचल की चार गोल्डन गल्र्ज समेत अन्य चार खिलाडिय़ों को नौ करोड़ तीन लाख की इनामी राशि दी जाएगी। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि 20वें एशियाई खेलों में पदक विजेता हिमाचली खिलाडिय़ों को सम्मानित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा अक्तूबर माह में सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।प्रवक्ता ने बताया कि हाल ही में संपन्न हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी टीम की खिलाड़ी रितु नेगी, पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। पुरुष मैराथन में रजत पदक विजेता सावन बरवाल दो करोड़ 50 लाख रुपए और एथलेटिक्स में 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक विजेता सीमा कुमारी को एक करोड़ 50 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। क्रिकेट की स्वर्ण पदक विजेता टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को एक करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। जूडो खिलाड़ी ताखेलाम्बम इनुनगांबी को तीन लाख रुपए की राशि पुरस्कार के रूप में प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा इन खिलाडिय़ों को कुल 9.3 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
सरकार ने खिलाडिय़ों के हित में लिए अहम फैसले
हाल ही में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश सरकार ने खिलाडिय़ों के हित में कई महत्त्वपूर्ण फैसले लिए हैं। अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली भारतीय टीमों के खिलाडिय़ों को दिए जाने वाले नकद पुरस्कारों के प्रावधानों में संशोधन को स्वीकृति प्रदान की गई है। इनके अनुसार पदक विजेता भारतीय टीम में शामिल प्रदेश के सभी पात्र खिलाडिय़ों के बीच नकद पुरस्कार समान रूप से वितरित किया जाएगा।
प्रत्येक खिलाड़ी को व्यक्तिगत पदक विजेता के लिए निर्धारित राशि के बराबर पुरस्कार दिया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त पुरस्कार का वितरण आनुपातिक आधार पर भी किया जा सकेगाए जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी के लिए व्यक्तिगत पदक विजेता के लिए निर्धारित नकद पुरस्कार की कम स कम 25 प्रतिशत राशि सुनिश्चित होगी।
