शिमला/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन मौसम का मिजाज बदलने के आसार नजर आ रहे हैं। राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई जिलों में आंधी, बिजली चमकने और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है वहीं ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 और 13 नवंबर को कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार12 नवम्बर को चंबा कांगड़ा कुल्लू और मंडी के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 13 नवम्बर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 14 नवंबर तक मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान ऊंची चोटियों पर हिमपात और अन्य क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद 15, 16 और 17 नवंबर को प्रदेश भर में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। मौसम में इस बदलाव के बीच प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। राजधानी शिमला की रातें इन दिनों सोलन और बिलासपुर से ज्यादा गर्म हैं। शिमला में आज न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सोलन में यह 7.0 और बिलासपुर में 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

शिमला में सोलन से 3.6 डिग्री ज्यादा न्यूनतम तापमान

प्रदेश में रात के तापमान के आंकड़े भी मौसम की अलग तस्वीर दिखा रहे हैं। आमतौर पर ठंडे मौसम के लिए पहचाने जाने वाले शिमला में इन दिनों सोलन के मुकाबले रातें ज्यादा गर्म दर्ज हो रही हैं। शिमला का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सोलन में यह 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यानी दोनों शहरों के न्यूनतम तापमान में 3.6 डिग्री का अंतर रहा। बिलासपुर में भी न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शिमला से महज 0.1 डिग्री कम है। इस तरह शिमला का न्यूनतम तापमान बिलासपुर से भी थोड़ा अधिक दर्ज किया गया। हालांकि प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।

कुकुमसेरी में पारा माइनस 1.8 डिग्री

प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर बढऩे लगा है। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कल्पा में 2.3 डिग्री, बजौरा में 5.7 डिग्री और मनाली में 5.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। अन्य प्रमुख शहरों की बात करें, तो सेओबाग में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री, सुंदरनगर में 7.4 डिग्री, बरथिन में 7.5 डिग्री, भुंतर में 7.9 डिग्री, मंडी में 8.6 डिग्री, कुफरी में 8.6 डिग्री, पालमपुर में 10.0 डिग्री, चंबा में 10.1 डिग्री, धर्मशाला में 10.6 डिग्री, ऊना में 11.0 डिग्री, कांगड़ा में 11.4 डिग्री, नाहन में 11.7 डिग्री, भरमौर में 12.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 12.3 डिग्री, नेरी में 14.6 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 15.0 डिग्री और पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed