रामपुर बुशहर। यदि हम अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को सहजते हुए विकास के पथ पर आगे बढ़ेंगे, तभी विकसित भारत का सपना सही अर्थों में साकार होगा। यह बात राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने रामपुर बुशहर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के शुभारंभ पर कही। मेले का विधिवत आगाज करने के बाद राज्यपाल ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और स्वरोजगार से जुड़ी अन्य पहलों को कारीगरों, छोटे उद्यमियों और युवाओं के लिए महत्त्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि युवा आधुनिक शिक्षा प्राप्त करें, नई तकनीक सीखें और दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चलें, लेकिन अपनी मातृभूमि, भाषा, संस्कृति और संस्कारों को कभी न भूलें।

राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल की संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता को सुरक्षित रखना केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले जैसे आयोजन पर्यटन, स्थानीय व्यापार और रोजगार को नई दिशा दे सकते हैं। पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक बाजारों और डिजिटल माध्यमों से जोडऩे के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि हमें अपनी संस्कृति पर गर्व करने के साथ भविष्य के प्रति भी जिम्मेदारी निभानी होगी। हमारा संकल्प होना चाहिए कि हमारी संस्कृति आगे बढ़े, हिमाचल प्रगति करे और भारत विकसित राष्ट्र बने। राज्यपाल ने मेले में सजी विभिन्न प्रदर्शानियों का अवलोकन भी किया।

राज्यपाल ने दिवंगत विधायक नंद लाल को दी श्रद्धांजलि

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने मंच से रामपुर के दिवंगत विधायक नंद लाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हाल ही में उनका निधन हुआ है। वह इस अवसर पर हमारे बीच मौजूद होतेए लेकिन ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था। इस मौके पर राज्यपाल की धर्मपत्नी बिंदु गुप्ता, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, एसपी गौरव सिंह, राजीव कपूर, हर्ष अमरेंद्र सिंह, करण शर्मा, चंद्रप्रभा नेगी, लाल चंद शर्मा व डीडी कश्यप सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

हेमा सरदेसाई, कुलदीप शर्मा और बब्बू मान ने बांधा समां

रामपुर बुशहर — अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के दौरान 12 से 14 नवंबर तक आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में हेमा सरदेसाई, कुलदीप शर्मा और बब्बू मान मुख्य आकर्षण रहेंगे। 12 नवंबर को सांस्कृतिक संध्या में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, 13 नवंबर को लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह और 14 नवंबर को अंतिम सांस्कृतिक संध्या मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की मौजूदगी में आयोजित होगी। मुख्यमंत्री बतौर मुख्य अतिथि मेले का समापन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed