शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नशा तस्करी के मामलों पर अदालत ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। माननीय विशेष न्यायाधीश, शिमला की अदालत ने चरस तस्करी के एक मामले में पंजाब के पटियाला निवासी आरोपी महेश (पुत्र स्वर्गीय श्री काली चरण) को दोषी करार देते हुए 7 वर्ष के कठोर कारावास और 80,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। अदालत ने स्पष्ट किया कि जुर्माना अदा न करने की स्थिति में दोषी को 3 माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।

क्या था पूरा मामला?

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला वर्ष 2020 में पुलिस थाना पश्चिम (बालूगंज), शिमला में दर्ज किया गया था:

  • 850 ग्राम चरस हुई थी बरामद: 16 फरवरी, 2020 को पुलिस थाना पश्चिम की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महेश के कब्जे से लगभग 850 ग्राम चरस बरामद की थी। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध NDPS Act की धारा 20 के तहत अभियोग दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी।
  • प्रभावी जांच और मजबूत पैरवी: शिमला पुलिस द्वारा मामले में वैज्ञानिक एवं तकनीकी रूप से प्रभावी जांच करते हुए ठोस साक्ष्य एकत्रित किए गए और माननीय न्यायालय में सशक्त पैरवी सुनिश्चित की गई। इसी का परिणाम रहा कि शुक्रवार, 27 नवंबर, 2026 को अदालत ने आरोपी को दोषसिद्ध करते हुए यह कठोर सजा सुनाई।

नशा तस्करों के खिलाफ हर स्तर पर सख्त कार्रवाई

शिमला पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करी के विरुद्ध जिला पुलिस का अभियान लगातार जारी है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी से लेकर संपत्ति जब्ती, प्रभावी जांच और अदालत में मजबूत पैरवी तक हर स्तर पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि युवा पीढ़ी और समाज को नशे के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed