Spread the love

शिमला। शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड (SJPNL) और स्वेज की ओर से शिमला शहर में 24×7 जलापूर्ति योजना को गति देने के साथ-साथ लोगों, विशेषकर स्कूली बच्चों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में स्वेज की ओर से शिमला के स्वर्ण पब्लिक स्कूल में जल संरक्षण विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया।

सेमिनार के दौरान स्कूली बच्चों को जल के महत्व और इसके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही अध्यापकों और विद्यार्थियों को शिमला जल प्रबंधन निगम तथा स्वेज की ओर से शिमला शहर के लिए संचालित की जा रही महत्वाकांक्षी 24×7 जलापूर्ति परियोजना के बारे में भी जानकारी दी गई।
कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी राहुल शर्मा और अन्य प्रतिनिधियों ने बच्चों को घरों और शैक्षणिक संस्थानों में पानी के सदुपयोग तथा अनावश्यक पानी की बर्बादी रोकने के प्रति जागरूक किया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने कंपनी प्रतिनिधियों से जल संरक्षण और 24×7 जलापूर्ति परियोजना को लेकर कई सवाल भी पूछे। प्रतिनिधियों ने बच्चों के सवालों के संतोषजनक जवाब दिए।

स्कूल की प्रिंसिपल सीमा मेहता ने SJPNL और स्वेज की ओर से जल संरक्षण विषय पर आयोजित इस जागरूकता सेमिनार के लिए कंपनी प्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिमला शहर की वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए सतलुज नदी से शिमला शहर तक पानी पहुंचाने वाली 24×7 जलापूर्ति परियोजना का कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने के बाद शिमला शहर में पेयजल संकट की समस्या के समाधान में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। उन्होंने शहरवासियों से भी जनहित से जुड़ी इस महत्वाकांक्षी परियोजना के कार्य के दौरान सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed