मंडी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पूर्व भाजपा सरकार के समय शुरू हुई हिमकेयर योजना को बदनाम कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री को योजना पर तथ्यहीन टिप्पणियां करने के बजाय उन परिवारों से माफी मांगनी चाहिए, जिन्हें कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हिमकेयर कार्ड होने के बावजूद मुफ्त उपचार की सुविधा नहीं मिल पाई। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से भरमौर में हिमकेयर योजना को लेकर की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई। हिमकेयर योजना हिमाचल के करीब 80 लाख लोगों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा सहारा बनी थी। पांच लाख रुपये तक मुफ्त उपचार की सुविधा दी जाती थी।

आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने सत्ता में आने के बाद इस योजना को बंद करने और इसका बजट रोकने का प्रयास किया। भाजपा विधायक दल के विरोध के चलते सरकार इसे बंद नहीं कर पाई, लेकिन योजना को कमजोर जरूर किया गया। उन्होंने दावा किया कि टांडा मेडिकल कॉलेज और आईजीएमसी शिमला में ऐसे मामले सामने आए, जहां हिम केयर कार्ड होने के बावजूद मरीजों को मुफ्त इलाज नहीं मिला। आर्थिक तंगी के चलते कुछ परिवारों को अपनों को खोना पड़ा। जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री को ऐसे मामलों की जिम्मेदारी लेते हुए प्रभावित परिवारों से माफी मांगनी चाहिए। चार साल का कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन सरकार अपनी उपलब्धियां गिनाने के बजाय पूर्व सरकार की योजनाओं पर सवाल उठा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed