Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कुपवी में राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने आए हमीरपुर जिले के एक स्कूली छात्र की बस में सफर के दौरान सड़क किनारे टेलीफोन के खंभे में टकराने से सिर में चोट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आयुष कौंडल पुत्र हुक्म सिंह निवासी जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाल्टी का छात्र था और वॉलीबॉल का खिलाड़ी था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयुष कुपवी में आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने आया था।प्रतियोगिता का फाइनल मैच समाप्त होने के बाद वह करीब 40 छात्र खिलाड़ियों के साथ निजी बस में सवार होकर हमीरपुर लौट रहा था। इसी दौरान कुपवी से करीब तीन से चार किलोमीटर दूर सफर करते समय उसका सिर सड़क किनारे खड़े एक खंभे से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोट लग गई। घटना के तुरंत बाद घायल छात्र को सिविल अस्पताल कुपवी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद कुपवी प्रशासन और पुलिस की टीम अस्पताल पहुंच गई। फिलहाल घटना के संबंध में आगामी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से स्कूली विद्यार्थियों और उनके साथ आए लोगों में शोक का माहौल है। उधर से प्रशासन की ओर से कुपवी उपमंडल का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा ने कहा कि मृतक के टीम इंचार्ज को पच्चीस हजार बतौर फौरी राहत प्रदान की गई है और मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed