पांवटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुखराम चौधरी के मंत्री बनते ही सिरमौर के नाम एक और रिकॉर्ड जुड़ गया। लगभग 17 वर्ष बाद सिरमौर से कोई मंत्री बना है। इससे पहले वर्ष 2003 से 2007 तक पच्छाद से जीआर मुसाफिर कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मंत्री रहे हैं। सुखराम चौधरी सिरमौर से मंत्री पद हासिल करने वाले भाजपा के पहले नेता भी बन गए हैं। हालांकि, वर्ष 1977 में श्यामा शर्मा मंत्री बनी थीं, लेकिन उस वक्त उन्होंने जनता पार्टी से चुनाव लड़ा था।
भाजपा सरकार के ढाई वर्ष सिरमौर के लिए बेहतरीन साबित हुए। हालांकि, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद से डॉ. राजीव बिंदल ने इस्तीफा दिया। लेकिन, पार्टी ने नया अध्यक्ष बनाने में भी सिरमौर को ही तवज्जो दी। एक सप्ताह में सिरमौर को दो महत्वपूर्ण पद मिले। सांसद सुरेश कश्यप पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए तो सुखराम चौधरी मंत्री। पहले दिन पार्टी अध्यक्ष ने पदभार संभाला तो दूसरे दिन मंत्री की शपथ हुई। इसके अलावा सुरेश कश्यप भाजपा के पहले सांसद बने हैं जबकि भाजपा में अनुसूचित जाति से पहला पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड भी कश्यप के नाम से जुड़ गया है।
जिले को मिले चार महत्वपूर्ण पद
सिरमौर जिला को चार महत्वपूर्ण पद दिए गए हैं। पूर्व की बात कहें तो नाहन से विधायक डॉ. राजीव बिंदल पहले विधानसभा अध्यक्ष बने फिर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष। अब उनके इस्तीफा देने के बाद सांसद सुरेश कश्यप को अध्यक्ष बनाया गया, वहीं सुखराम चौधरी मंत्री बन गए। इसके अलावा शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर को खाद्य आपूर्ति निगम का उपाध्यक्ष और बलदेव भंडारी को विपणन बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है।
