शिमला। शुक्रवार का दिन हिमाचल में इस सीजन का अभी तक सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ। चटक धूप खिलने से ऊना में इस साल का अभी तक सबसे अधिक पारा 38 डिग्री दर्ज हुआ। कांगड़ा, हमीरपुर और बिलासपुर में भी गर्मी से पसीने छूटना शुरू हो गए हैं। राजधानी शिमला में इस सीजन का शुक्रवार सबसे गर्म दिन रहा। शहर में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज हुआ। उधर, प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तीन से पांच मई तक ओलावृष्टि और अंधड़ की चेतावनी जारी हुई है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से आ रहे इस बदलाव से प्रदेश के सभी जिलों में सात मई तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। शुक्रवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में चार डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। ऊना में अधिकतम तापमान 38.0, बिलासपुर में 34.5, हमीरपुर में 34.3, कांगड़ा में 32.6, सुंदरनगर में 31.7, चंबा में 31.2, नाहन में 30.4, सोलन में 27.5, भुंतर में 30.4, धर्मशाला में 24.6, केलांग में 18.6 और कल्पा में 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गुरुवार रात को नाहन में न्यूनतम तापमान 19.1, कांगड़ा में 16.5, ऊना में 18.5, शिमला में 13.6 और धर्मशाला में 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
