शिमला। केंद्र सरकार द्वारा लॉकडाउन के दौरान ग्रीन और ऑरेंज क्षेत्र को दी गई छूट हिमाचल में भी लागू होने जा रही है। सोमवार से मीठा खाने वालों के लिए बेहद अच्छा दिन कहा जाएगा। 43 दिनों के अंतराल के बाद हिमाचल में हलवाई की दुकानें खुलने जा रही हैं। यानी मीठे में कल जलेबी बनेगी तो नमकीन में समोसा भी बिकने के लिए काउंटर पर दिखेगा। इसे लेकर जयराम सरकार ने स्थिति साफ कर दी है कि प्रदेशभर में हलवाई की दुकान पर बैठकर खट्टे–मीठे के चटकारे नहीं लिए जा सकेंगे। हलवाई की दुकान से मात्र पैक सामान सीधा घर ही ले जाना होगा।
मतलब जो कुछ भी हलवाई बनाते हैं,उसे वह अपनी दुकान पर बिठाकर नहीं खिला सकते, उसे ग्राहक को पैक कर ही देना होगा। ये चर्चा सीएम जयराम ठाकुर ने संडे के दिन सभी जिलों के डीसी-एसपी से वीडियो कांफ्रेसिंग के मार्फत हुए संवाद के दौरान की है।
