शिमला। प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 18 मई से 31 मई तक स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। यानी हिमाचल में 31 मई तक स्कूल बंद रहेंगे। इस संबंध में उच्च शिक्षा निदेशक डाॅक्टर अमरजीत सिंह की तरफ से आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के मुताबिक 18 मई से दो सप्ताह के लिए 31 मई तक सभी सरकारी स्कूलों में अवकाश रहेगा। राज्य के शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज साफ कर चुके हैं कि स्कूलों को जल्दबाजी में नहीं खोला जाएगा। कोरोना को लेकर हालात सामान्य होने तथा सार्वजनिक परिवहन शुरू होने पर ही स्कूलों को नियमित रूप से खोलने का विचार किया जाएगा। उन्होंने दूसरे शनिवार की छुट्टी खत्म करने की भी बात कही है।
उन्होंने कहा है कि स्कूल खुलने पर प्रातः व सांय के दो सत्र में विद्यार्थियों को पढ़ाने पर शिक्षा विभाग विचार कर रहा है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में गत 15 मार्च से स्कूल बंद हैं। इस वजह से सरकार ने दसवीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को छोड़कर अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों को बिना परिणाम निकालने अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया है।
