शिमला। कोरोना मरीजों का आंकड़ा हिमाचल में और कम हो गया है। शुक्रवार को हमीरपुर जिले के दो कोरोना मरीज महिला और पुरुष की टांडा मेडिकल कॉलेज से दूसरी सैंपल रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई है। दोनों हमीरपुर के भोटा में उपचाराधीन थे। उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा ने बताया कि दोनों को संस्थागत क्वारंटीन केंद्र भेज दिया गया है। उधर भोटा में ही भर्ती ऊना जिला के एक अन्य व्यक्ति की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
अब 24 घंटे के बाद शनिवार को दूसरा सैंपल जांच के लिए टांडा भेजा जाएगा। अगर उसकी दूसरी सैंपल रिपोर्ट भी निगेटिव आती है तो उसे भी ऊना जिला भेजकर संस्थागत क्वारंटीन सेंटर में रखा जाएगा। प्रदेश में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या पांच रह गई है। प्रदेश में कुल 40 मरीज आए थे। प्रदेश भर में शुक्रवार को 341 संदिग्धों के सैंपल की जांच की गई।
ऊना का कमाली गांव हॉटस्पॉट सूची से बाहर
गगरेट उपमंडल की ग्राम पंचायत रामनगर के गांव कमाली को जिला ऊना के कोरोना हॉटस्पॉट क्षेत्र से बाहर करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने बताया कि 2 अप्रैल को कोरोना संक्रमित रोगी का पता चलने के उपरांत इस गांव को हॉटस्पॉट क्षेत्र में शामिल किया गया था। अब उक्त मरीज स्वस्थ होकर घर भेज दिया गया है।
