सोलन | सोलन के मिनी सचिवालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को अचानक दीवारों में दरारें आ गईं और टाइलें भी टूट कर गिर गई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने तत्काल अपने कार्यालय को खाली कर दिया। यह घटना भवन की संरचनात्मक समस्याओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है, क्योंकि यह भवन पहले भी कई विवादों और निर्माण संबंधी समस्याओं का सामना कर चुका है। विशेष बात तो यह है कि जिस दौरान घटना पेश आई उस दौरान मिनी सचिवालय में आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल भी चल रही थी।
बता दें कि 2017 में बने इस भवन में अब तक कई मंजिलों पर दरारें देखी जा चुकी हैं और हाल ही में पुलिस कार्यालय में आई दरारों के कारण सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। मिनी सचिवालय का निर्माण वर्ष 2017 में पूरा हुआ था और तब से अब तक इस भवन के विभिन्न हिस्सों में दरारें देखने को मिल रही हैं, जब इसका निर्माण शुरू हुआ था, तो जमीन धंसने की शिकायतें आ रही थीं। इसके बाद भूस्खलन के कारण मिनी सचिवालय के एक ब्लॉक का लैंटल टूट गया था।
उद्घाटन के बाद भी भवन के छोटे कमरे और टूटे हुए फर्नीचर को लेकर शिकायतें आती रही हैं। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एसपी कार्यालय में आई दरारों को लेकर उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल अपने कार्यालय को खाली कर दिया। पीडब्ल्यूडी को सूचित किया और विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द जांच की मांग की।
