Spread the love

सोलन, 17 अक्टूबर। राजकीय संस्कृत महाविद्यालय, सोलन की मानसिक उत्पीड़न समिति द्वारा निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ज़ीरकपुर चंडीगढ़ से आए सुप्रसिद्ध नाड़ी वैद्य डॉ. कुलदीप सिंह एवं उनकी टीम ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों का निःशुल्क नाड़ी परीक्षण किया तथा आयुर्वेद के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के सरल उपचार पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में डॉ. कुलदीप सिंह मुख्य अतिथि तथा वैद्य पलविंदर सिंह एवं डॉ. जतिंदर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महाविद्यालय की रेड रिबन क्लब प्रभारी डॉ. आशा शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश शर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी अतिथि प्रशंसा के पात्र हैं, जो प्राचीन आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ इस विद्या का प्रशिक्षण भी प्रदान कर रहे हैं।
अपने संबोधन में डॉ. कुलदीप सिंह ने नशे के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर चर्चा की तथा आयुर्वेद के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। जबकि डॉ जतिन्दर सिंह ने आयुर्वेद एवं नाड़ी परीक्षण से संबंधित छह माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी भी दी, जिसके माध्यम से इच्छुक व्यक्ति इस पारंपरिक चिकित्सा पद्धति का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने इच्छुक व्यक्तियों की सुविधा के लिए अपना संपर्क नंबर 98150 76549 भी साझा किया। वहीं, डॉ. जतिंदर सिंह ने सरल व्यायामों के माध्यम से स्वास्थ्य सुधारने तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों पर विशेष प्रकाश डाला।
इस अवसर पर आस पास से आए अन्य व्यक्तियों ने भी इस निशुल्क शिविर का लाभ उठाया व तमाम शिक्षक- गैर शिक्षक गण व विद्यार्थी समुदाय भी इससे लाभान्वित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed