मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रात के अंधेरे में गाड़ी की बैटरी चुराने गए तीन युवकों में से दो को तो पकड़ लिया गया लेकिन तीसरे की लाश नाले से बरामद हुई है. मामला मंडी जिला की बल्हघाटी के सोयरा गांव के पास का है.जानकारी के अनुसार जोगिंद्रनगर, मंडी और नेरचौक निवासी तीन युवक नशे की हालत में सुबह चार बजे के करीब अपनी निजी कार में सोयरा गांव के पास पहुंचे. यहां इनकी कार की बैटरी डाउन हो गई और स्टार्ट नहीं हुई. पास में खड़ी कार की बैटरी चुराकर अपनी कार स्टार्ट करने की योजना बनाई. जैसे ही कार का पीछे वाला शीशा तोड़ा तो जोर का धमाका हुआ.
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और मौके पर आकर एक युवक को दबोच लिया. दूसरा युवक खराब कार में बैठा हुआ पाया गया. लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की.इतने में सुबह की सैर पर निकले एक व्यक्ति ने नाले में एक युवक का शव देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी. पता चला कि यह युवक भी इन्हीं का साथी था, जो मौके से भाग गया था. मृतक की पहचान मंडी निवासी तनू सेन के रूप में हुई है.
युवक की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है.एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने बताया कि युवक की मौत मामले में आईपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज करके कार्रवाही शुरू की गई है, जबकि दोनों युवकों के खिलाफ धारा 379 और 511 यानी चोरी के प्रयास को लेकर मामला दर्ज करके कार्रवाही शुरू कर दी गई है.
