नालागढ़: हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशा निर्देशानुसार औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में बाहरी राज्यों से कार्यरत औद्योगिक कामगारों तथा उनके आश्रितों को मांगानुसार गृह राज्यों में निरंतर भेजा जा रहा है। इस कड़ी में 6 जून को जिला पुलिस बद्दी तथा नालागढ़ प्रशासन द्वारा बीबीएन क्षेत्र में पश्चिम बंगाल के 184 कामगारों व उनके परिवारजनों को ऊना जिला के अंब रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया। 6 जून को शाम 6:00 बजे ऊना जिला के अंब रेलवे स्टेशन से पश्चिम बंगाल के हावड़ा जा रही एक विशेष श्रमिक रेलगाड़ी के लिए बीबीएन क्षेत्र के कामगारों व उनके आश्रितों को हिमाचल पथ परिवहन निगम की 7 बसों के द्वारा अंब रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया, जिनमें राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ परिसर से परिवहन निगम की एक बस द्वारा भेजे गए 14 व्यक्ति भी शामिल है। भेजे गए कुल व्यक्तियों में 5 वर्ष से कम आयु वर्ग के 2 बच्चे भी शामिल हैं। रवाना करने से पूर्व राजकीय महाविद्यालय परिसर नालागढ़ तथा बद्दी के सनसिटी मार्ग पर निमंत्रण पैलेस परिसर में सभी व्यक्तियों को सामाजिक दूरी के साथ-साथ कोविड-19 के दृष्टिगत स्वास्थ्य जांच सहित सभी नियमों का पालन करते हुए प्रक्रिया को पूरा किया गया। सरकार की ओर से प्रशासन द्वारा सभी व्यक्तियों के लिए नाश्ता तथा दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।
इस विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी रोहित मालपानी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा बीबीएन क्षेत्र में कार्यरत देश के विभिन्न राज्यों के औद्योगिक कामगारों एवं श्रमिकों को उनकी मांग के अनुसार उनके गृह राज्य पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गत 22 मई से अब तक उत्तर प्रदेश, झारखंड तथा बिहार राज्यों के कामगारों को उनके गृह राज्यों में भेजने के लिए कालका रेलवे स्टेशन से अब तक 8 विशेष श्रमिक रेलगाडिय़ां भेजी जा चुकी हैंए तथा शनिवार को ( 6 जून )शाम 6:00 बजे ऊना जिला के अंब रेलवे स्टेशन से पश्चिम बंगाल के हावड़ा जा रही 9वीं विशेष श्रमिक रेलगाड़ी है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय सोलन से भी 8 व्यक्तियों को अंब रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया है तथा इस प्रकार जिला सोलन से दो बच्चों सहित कुल 192 व्यक्तियों को परिवहन निगम की 8 बसों के माध्यम से ऊना जिला के अंब रेलवे स्टेशन से पश्चिम बंगाल के हावड़ा जाने वाली रेलगाड़ी द्वारा उनके गृह राज्य भेजा जा रहा है।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बद्दी रोहित मालपानी, हिमाचल प्रशासनिक सेवा (प्रोबेशन) अधिकारी संकल्प गौतम, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोलन सुरेश सिंघा ए सहित पुलिस, प्रशासन तथा राजस्व के अतिरिक्त अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।
