मंडी | स्पेशल पैरा फोर्स में नायब सूबेदार राकेश कुमार की पार्थिव देह के शहादत के दूसरे दिन भी दीदार नहीं हो पाए। रविवार शाम को राकेश के बलिदान होने की सूचना मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। बलिदानी राकेश ने रविवार सुबह अपनी पत्नी से अंतिम बार बात की थी और घर का हाल-चाल जाना था, लेकिन कुछ देर बाद उनकी शहादत की खबर पहुंच गई। दिसंबर में घर आने का राकेश ने वादा किया था और जनवरी में अपने बड़े भाई कर्म सिंह के साथ नए मकान का काम शुरू करने की बात कही थी। शहीद राकेश का मकान दो साल पहले बरसात से क्षतिग्रस्त हो गया था। अब नए मकान की तैयारी चल रही थी।
