Spread the love

शिमला | हिमाचल सरकार बेरोजगार युवाओं को खुले दिल से स्वरोजगार अपनाने का मौका दे रही है। सरकार ने इन युवाओं के लिए एक हजार नए बस रूट परमिट जारी करने का फैसला लिया है, तो वहीं सेल्फ आइडेंडिफाइड रूट चुनने का अधिकार भी उनको दिया है। यह बात उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पत्रकार वार्ता मेंं कही। उन्होंने परिवहन विभाग की उपलब्धियों को गिनाया। नए रूट में से 350 रूट 18 सीटर मिनी मिडी बसों के होंगे, जबकि 422 बड़ी बसें शामिल हैं। 350 रूटों के लिए निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हंै। 181 रूट निजी आपरेटरों ने ले लिए हैं। मौजूदा समय में प्रदेश में तीन हजार निजी बसें चल रही है। एक हजार नए रूट आबंटित होने के बाद इसकी संख्या बढक़र चार हजार हो जाएगी।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि पिछले एक साल में परिवहन विभाग ने 26812 परमिट जारी किए हैं। पिछले एक साल में हिमाचल में डेढ़ लाख नए वाहनों का पंजीकरण हुआ है। इसी एक वर्ष के भीतर एक लाख नए लाइसेंस बने हैं। प्रदेश में कुल 23 लाख वाहन पंजीकृत हो चुके हैं जबकि 16 लाख लाइसेंस धारक हैं। प्रदेश में 7 ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। अभी तक 400 वाहन स्क्रैप हो चुके हैं। प्रदेश में बद्दी, रानीताल, बिलासपुर, मंडी, नालागढ़, हरोली व ऊना में भी स्क्रैप केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। प्रदेश के 10 बैरियर पर इंटेलिजेंस मैनेजमेेंट सिस्टम से 2571 लोग पकड़ में आ चुके हैं।

एक हजार करोड़ राजस्व का टारगेट

विभाग ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 912 करोड़ का राजस्व अर्जित किया है, जो 2023.24 के मुकाबले 132 करोड़ ज्यादा है। 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी इसमें हुई है। उन्होंने इसके लिए निदेशक परिवहन डीसी नेगी, अतिरिक्त आयुक्त नरेश ठाकुर सहित पूरी टीम को बधाई दी है। वर्ष 2025-26 में एक हजार करोड़ का राजस्व अर्जित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

प्रदेश में चार्जिंग स्टेशन का बिछ रहा जाल

अब फैंसी नंबर ई नीलामी से मिल रहे हैं। दो सालों में विभाग ने इससे 37 करोड़ का राजस्व अर्जित किया है। प्रदेश में इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए चार्जिंग स्टेशन का जाल बिछाया जा रहा है। एचपीटीडीसी के 11 होटल सहित निजी होटलों में 65 और सभी विभागों के रेस्ट हाउस में भी चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। छह ग्रीन कोरिडोर में 41 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन लगाने को तीन कंपनियों के साथ एमओयू साइन हो चुका है। इस साल 88 नए चार्जिंग स्टेशन लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

You missed