Spread the love

ऊना। संतोषगढ़ में निर्माणाधीन केमिकल फैक्टरी में बड़ा हादसा हो गया। करीब 40 फीट की ऊंचाई पर वेल्डिंग कर रहे दो मजदूर सीमेंट की शीट टूटने से नीचे पक्के फर्श पर जा गिरे। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। घायल मजदूर ने फैक्टरी प्रबंधन पर काम के दौरान उचित सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं करवाने का आरोप लगाया है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी मोहम्मद गुलफान करीब डेढ़ महीने से संतोषगढ़ स्थित निर्माणाधीन केमिकल फैक्टरी में वेल्डर का काम कर रहे थे।

बीते मंगलवार शाम करीब पांच बजे वह अपने साथियों झाहुल हक, शायलम और रिजवान गुलफान के साथ इमारत में लगभग 40 फीट की ऊंचाई पर वेल्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान सीमेंट की शीट टूट गई और गुलफान और झाहुल हक नीचे गिर गए। दोनों को चोटें आईं। झाहुल हक को गंभीर चोटें लगी थीं, जबकि गुलफान की बाजू और कूल्हे में चोट आई। हादसे के बाद दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, लेकिन झाहुल हक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
गुलफान का अस्पताल में उपचार किया गया। उनके साथ काम कर रहे अन्य दो मजदूर सुरक्षित रहे। घायल मजदूर मोहम्मद गुलफान ने आरोप लगाया कि फैक्टरी प्रबंधन ने काम के दौरान जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं करवाए थे। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि थाना सदर ऊना के तहत फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस चौकी संतोषगढ़ की टीम मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed