शिमला | राज्य में सरकार नए बस अड्डों के निर्माण को प्राथमिकता दे रही है। लगातार यहां एक के बाद एक नए बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। कुछ नए बस अड्डे उदघाटन के लिए तैयार पड़े हैं तो कुछेक नए बस अड्डों के प्रस्ताव बस अड्डा मेनेजमेंट सोसायटी ने सरकार को भेजे हैं। इनके लिए जमीन का चयन हो चुका है और इंतजार सिर्फ बजट मिलने का है। मुख्यमंत्री जैसे ही प्रस्तावित अड्डों को लेकर घोषणा करेंगे तो इनका बजट भी मिलना शुरू हो जाएगा। जानकारी के अनुसार बस अड्डा मेनेजमेंट अथॉरिटी प्रदेश के छह स्थानों पर नए बस अड्डे बनाएगा। बस अड्डा प्राधिकरण इन बस अड्डों का निर्माण करवाएगा। पिछले काफी समय से यह बस अड्डे नियमों के फेर में फंसे हुए थे। अब इन्हें जमीन चिन्हित करने के बाद एफसीए की क्लीयरेंस भी मिल गई है। बस अड्डा प्राधिकरण ने इनके निर्माण को लेकर सभी तरह की औपचारिक्ताओं को भी पूरा कर दिया है।
जल्द ही इसका काम शुरू हो जाएगा। निगम प्रबंधन का तर्क है कि तय सीमा के भीतर इसके काम को पूरा किया जाएगा ताकी यात्रियों को बस अड्डों पर सभी तरह की सुविधाएं मिल सकें। इन बस अड्डों में सुजानपुर, भोटा, फतेहपुर, बद्दी, भोरंज व हमीरपुर शामिल है। पिछले काफी समय से इनका निर्माण कार्य लटका हुआ था। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बस अड्डा प्राधिकरण को निर्देश दिए हैं कि सभी औपचारिकताओं को जल्द पूरा किया जाए। यह बस अड्डे अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। यहां पर बसों के लिए पार्किंग की सुविधा होगी। इसके अलावा शॉपिंग काम्पलेक्स भी बनाया जाएगा। यात्रियों के बैठने के लिए वेटिंग रूम, सामान रखने के लिए लगेज रूम की सुविधा होगी। साथ ही इलैक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन भी यहां उपलब्ध होंगे। क्योंकि भविष्य में यह सुविधा देना भी जरूरी है इसलिए पहले से इसका प्रबंध किया जाएगा।
बस अड्डों की बहु मंजिला इमारत होगी। इसमें अधिकारियों के लिए कार्यालय, चालक परिचालकों को आराम करने के लिए रेस्ट रूम भी बनाए जाएंगे। बस अड्डों पर ही बसों की मुरम्मत के लिए भी स्थान होगा। बता दें कि अभी लगभग चार स्थानों पर बस अड्डों का काम चल रहा है जिसमें से दाड़लाघाट का अड्डा जल्दी ही तैयार हो जाएगा वहीं जंजैहली में अड्डा बनकर तैयार हो चुका है जिसका उदघाटन होना है। वहीं ठियोग में भी बस अड्डा बनकर तैयार हो चुका है जिसका भी अभी उदघाटन किया जाना है। सरकाघाट में भी बस अड्डे का निर्माण चल रहा है वहीं आने वाले दिनों में हमीरपुर और नादौन में भी बस अड्डों का निर्माण होगा। नादौन में नए बस अड्डे के साथ बस डिपो का भी निर्माण होगा जिसकी घोषणा सीएम सुक्खू ने कर रखी है। ऐसे में अब आने वाले दिनों में तेजी से इनपर काम शुरू होंगे और चरणबद्ध ढंग से सरकार से इनके लिए पैसा मांगा जाएगा। हालांकि बजट में विशेष रूप से नए बस अड्डों के लिए पैसा नहीं रखा गया है परंतु सरकार इसका प्रावधान कर सकती है।
इन स्थानों पर जो पुराने बस अड्डे अभी चल रहे हैं उनको पार्किंग में परिवर्तित किया जाएगा। अभी तक जहां पर भी सरकार ने नया बस अड्डा तैयार किया है वहां पुराने अड्डों को पार्किंग में परिवर्तित कर दिया गया है। एचआरटीसी उन पार्किंग को चला रहा है। बैजनाथ में भी इसी तरह की व्यवस्था की जाएगी वहीं हरोली में भी नया अड्डा संचालित कर दिया गया है जहां पर भी पुराने अड्डे को पार्किंग के रूप में चलाया जाएगा। एचआरटीसी के एमडी डा.निपुण जिंदल ने पिछले दिनों इन स्थानों का दौरा भी किया था। वहीं बस अड्डा प्राधिकरण ने अपनी रिपोर्ट में यही सिफारिश की है।
