Spread the love

शिमला/कुल्लू | हिमाचल में बीते चौबीस घंटे के दौरान कुल्लू, चंबा और शिमला में भारी बारिश देखने को मिली है। अब तक कोठी में 33.0 सेंटीमीटर, केलांग में 20.0 सेंटीमीटर, कुकुमसेरी में 16.2 सेंटीमीटर, जोत में छह सेंटीमीटर, किलाड़ में 4.5 सेंटीमीटर, सांगला 3.5 सेंटीमीटर और शिलारो में 3.0 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। जबकि कुल्लू के भुंतर और मनाली में 30-30 एमएम बारिश दर्ज की गई है, जबकि चंबा के सलूणी और भरमौर जबकि कुल्लू के सियोबाग और बंजार में 20-20 एमएम बारिश दर्ज की गई है। रामपुर, सराहन और डलहौजी में 10-10 एमएम बारिश दर्ज हुई है।

मौसम विभाग ने 48 घंटे के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया था। इससे कई इलाकों का संपर्क अभी भी कटा हुआ है और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान किन्नौर, लाहुल-स्पीति, पांगी और डोडरा क्वार समेत कुल्लू के ऊपरी क्षेत्रों की दर्जनों पंचायतों में नहीं पहुंच पा रहा है। हिमाचल में बर्फबारी और तेज बारिश की वजह से बीते 24 घंटे में 400 सडक़ें बाधित हुई हैं। चंबा के पांगी और शिमला के डोडरा-क्वार समेत राज्य में लाहुल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू के दर्जनों गांव बर्फबारी से प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों में बीते 72 घंटे से बिजली गुल है, सडक़ें ठप हैं और पेयजल स्रोत पूरी तरह से बाधित हो चुके हैं। लोगों ने राज्य सरकार से प्रभावित क्षेत्रों में हेलिकॉप्टर की आपात सेवा शुरू करने का आह्वान किया है।

पीडब्ल्यूडी को 70 करोड़ का नुकसान

पीडब्ल्यूडी ने 205 सडक़ों को बुधवार शाम तक बहाल करने का लक्ष्य रखा है। अब तक बर्फबारी से पीडब्ल्यूडी को हुए नुकसान का आंकड़ा 70 करोड़ रुपए को पार कर गया है। बीते चौबीस घंटे के दौरा विभाग को करीब 20 करोड़ रुपए का ताजा नुकसान सामने आया है और इसकी रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी गई है।

आठ मार्च तक साफ रहेगा मौसम

हिमाचल में आगामी चार दिन तक मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग के ताजा अलर्ट में आठ मार्च तक मौसम के पूरी तरह से साफ रहने की बात कही गई है, जबकि नौ मार्च को ऊपरी क्षेत्रों में हल्की बारिश देखने के लिए मिल सकती है और दस मार्च से एक बार फिर मौसम खराब होगा। साथ ही पीडब्ल्यूडी, जल शक्ति और बिजली बोर्ड को भी व्यवस्था सुधार का अवसर मिल जाएगा। बर्फबारी प्रभाावित इलाकों में इन तीनों आवश्यकताओं की भारी कमी खल रही है।

You missed