शिमला| हिमाचल में आम आदमी पार्टी (आप) ने संगठन का विस्तार कर नई टीम गठित की है। सत्येंद्र जैन को हिमाचल का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। वह दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री हैं और अब हिमाचल में सियासी सेहत की नब्ज टटोलेंगे। दुर्गेश पाठक राज्य प्रभारी होंगे।अब तक रत्नेश गुप्ता प्रभारी थे जिन्हें अब सहप्रभारी बनाया गया है। कमलजीत सिंह रिंटू व कुलवंत सिंह बाठ भी सहप्रभारी नियुक्त किए गए हैं। सतेंद्र टोंगर संगठन मंत्री, बिपिन राय चुनाव प्रभारी के सचिव जबकि दीपक बाली मीडिया प्रभारी होंगे। ये सभी दिल्ली के रहने वाले हैं। हिमाचल के अलावा आप ने कई राज्यों के प्रभारी व सहप्रभारी नियुक्त किए हैं। आम आदमी पार्टी की हिमाचल इकाई ने प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय नेतृत्व द्वारा चुनाव प्रभारी व सहप्रभारी नियुक्त करने पर उनका आभार जताया है।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा ने कहा कि हिमाचल का हर कार्यकर्ता नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करता है। पार्टी के कार्यकर्ता इनके मार्गदर्शन से विधानसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाएंगे। अरविंद केजरीवाल हर वर्ग व हर क्षेत्र को साथ लेकर चलने वाले नेता हैं।उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बयान पर भी पलटवार किया। जयराम ठाकुर ने कहा था कि हिमाचल में तीसरे विकल्प का कोई वजूद नहीं है। गौरव शर्मा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा ने पांच साल तक तीसरे विकल्प के सहारे ही पांच साल तक पहली बार सरकार बनाई थी। भाजपा व कांग्रेस की नीतियों से लोग तंग आ चुके हैं। इनकी नीतियों में कोई फर्क नहीं है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल में विधानसभा चुनाव में आप की सरकार बनेगी।
