शिमला। शिमला व आसपास के इलाकों में मंगलवार देर रात से बुधवार दोपहर तक बारिश का दौर जारी रहा। आगामी दिनों में मानसून के कड़े तेवर देखने को मिलेंगे। भारी बारिश की संभावना के मद्देनज़र लोगों को नदी नालों से दूर रहने की हिदायत दी गई है। मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक राज्य में व्यापक बारिश की आशंका जताई है। शिमला सहित मध्यपर्वतीय इलाकों में अगले चार दिन भारी बारिश की चेतावनी दी है। मध्यपर्वतीय क्षेत्रों के लिए 9 से 12 जुलाई और मैदानों के लिए 10 व 11 जुलाई को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य 10 जिलों में 11 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
उन्होंने शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, सोलन और सिरमौर जिलों में अगले चार दिन गरज के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। इसी तरह की चेतावनी 10 व 11 जुलाई को मैदानी क्षेत्रों के लिए दी गई है। 14 जुलाई तक समूचे प्रदेश में मानसून की व्यापक बारिश होने की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान सोलन में सर्वाधिक 82 मिमी बारिश हुई। वहीं खेरी में 71, जुब्बड़हट्टी व धर्मपुर में 54, डल्हौजी में 48, कसौली में 45, संगड़ाह में 43, नाहन व अर्की में 41, झंडुता में 40, जतौन बैरेज में 33, राजगढ़ में 29, बलद्वारा में 26, घुमारवीं में 25, शिमला में 23, मैहरे में 21, काहू व हमीरपुर में 19, भोरंज, जंजैहली और पंडोह में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई।
