Spread the love

बीबीएन। नालागढ़ के तहत प्लासड़ा में स्थापित बल्क ड्रग यूनिट किनवन में अगले सप्ताह से एंटीबॉयोटिक दवाओं के लिए कच्चे माल (एपीआई) का उत्पादन शुरू हो जाएगा। इस ब्लक ड्रग यूनिट का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 सिंतबर को विधिवत उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली इस समारोह में शामिल होंगे। बता दें कि किनवन प्रा. लिमिटेड ने प्रथम चरण में 460 करोड़ के निवेश से नालागढ़ के प्लासड़ा में बल्क ड्रग यूनिट स्थापित किया है। यह देश का पहला फर्मेेंटेशन यूनिट होगा, जहां क्लावुलेनेट पोटेशियम फर्मेेंटेशन (किनवन) आधारित एक्टिव फार्मास्यूटिकल इंग्रीडिएंट्स (एपीआई) का उत्पादन किया जाएगा। उक्त यूनिट घरेलू दवा बाजार में क्लावुलेनेट पोटेशियम की 60 फीसदी से ज्यादा जरूरत को पूरा करेगा।

इस यूनिट की उत्पादन क्षमता प्रतिवर्ष 400 मीट्रिक टन होगी, जबकि भारत में इस एपीआई की मांग सालाना 700 मीट्रिक टन है। यहां उल्लेखनीय है कि एशिया के फार्मा हब का तमगा हासिल कर चुके हिमाचल अब ब्लक ड्रग के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाने की ओर अग्रसर हो चुका है। औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के प्लासड़ा गांव में मुंबई की किनवन कंपनी ने प्रथम चरण में 460 करोड़ के निवेश से मैन्यूफेकचरिंग यूनिट स्थापित किया है। इस यूनिट में प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष तौर पर करीब 1000 लोगों को रोजगार मिलेगा। दूसरे चरण में किनवन दिसंबर 2024 में 400 करोड़ का निवेश करेगी। उद्योग विभाग के अतिरिक्त निदेशक तिलक राज शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि नालागढ़ स्थित बल्क ड्रग यूनिट किनवन प्रा. लिमिटेड का 16 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चअुली उद्घाटन करेंगे। -एचडीएम

80 प्रतिशत कच्चा माल चीन से करना पड़ रहा आयात

एशिया का फार्मा हब कहे जाने वाले हिमाचल के दवा उद्योगों में सालाना 45 हजार करोड़ से ज्यादा की दवाइयां बनाई जा रही हैं, जिसमें से 15 हजार करोड़ की दवाइयों का निर्यात किया जा रहा है। हिमाचल में देश के एक तिहाई दवा निर्माताओं सहित करीब 230 से ज्यादा निर्यात उन्मुख इकाइयां स्थापित हैं। नालागढ़ में ब्लक ड्रग यूनिट में उत्पादन शुरू होने के बाद उना में ब्लक ड्रग पार्क इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। बता दें कि 80 प्रतिशत एपीआई के लिए दवा उद्योगों को चीन पर निर्भर रहना पड़ रहा है। केंद्र सरकार बल्क ड्रग्स के मामले में चीन के वर्चस्व को तोडऩे की कवायद में है।

You missed