शिमला | जिले में तैयार ब्लैक अंबर प्लम दाम के मामले में सेब को मात दे रहा है। भट्ठाकुफर फल मंडी में अर्ली वेरायटी के सेब को जहां 80 से 110 रुपये प्रतिकिलो दाम मिल रहे हैं, वहीं ब्लैक अंबर प्लम 120 से 130 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा है। यह इस सीजन के अब तक के रिकॉर्ड दाम हैं। यह रेट पिछले साल के मुकाबले 20 से 30 रुपये ज्यादा है।मंडी में इसके अलावा लगभग सभी स्टोन फ्रूट के 100 रुपये प्रतिकिलो तक दाम मिल रहे हैं। सूरत, मुंबई, अहमदाबाद और पूणे सहित अन्य राज्यों में भी इनकी भारी डिमांड है। भट्ठाकुफर फल मंडी को अधिकतर सेब कारोबार के लिए जाना जाता था। क्योंकि स्टोन फ्रूट की शेल्फ लाइफ कम होती है, वह जल्दी खराब होना शुरू हो जाता है। इसलिए किसान बागवान इसकी कम खेती करते थे। लेकिन अब मौसम में बदलाव होने के साथ बागवानों ने इसकी खेती का रुख करना शुरू कर दिया है।
