कुल्लू: हिमाचल के कुल्लू जिले में हुई बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। देर रात हुई बारिश के चलते पागलनाला में बाढ़ आने से लारजी-सैंज-न्यूली मार्ग पांच घंटे तक बंद रहा। मार्ग बंद रहने से तीन घंटे तक सेब, टमाटर व सब्जियों से भरे दर्जनों वाहन फंसे रहे। कड़ी मशक्कत के बाद लोक निर्माण विभाग ने सुबह आठ बजे मार्ग को खोला।
पागलनाला में आ रहा मलबा इन दिनों सैंज घाटी की 15 पंचायतों के लिए मुसीबत बन गया है। लगातार सड़क बाधित होने से घाटी के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा जिले में बारिश से जगह.जगह भूस्खलन हुआ है। कुल्लू-मनाली के साथ मनाली.लेह मार्ग पर भूस्खलन से यातायात प्रभावित हुआ है।
वहीं, ब्यास व नालों में जलस्तर बढ़ गया है। अगस्त के दूसरे सप्ताह में घाटी के तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह के समय काफी ठंड महसूस की जा रही है। प्रशासन ने लोगों को बरसात को देखते हुए एहतियात बरतने की सलाह दी है।
