Spread the love

शिमला/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर तेवर दिखाने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 18 अगस्त को प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का येल्लो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 19, 20 और 21 अगस्त को भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का येल्लो अलर्ट रहेगा। 22 और 23 अगस्त को किसी तरह की चेतावनी नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार 18 अगस्त को सबसे ज्यादा बारिश की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 19 अगस्त को भी कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

20 और 21 अगस्त को भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। जिला स्तर पर जारी चेतावनी के अनुसार शिमला में 18 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का येल्लो अलर्ट है। 19 अगस्त को भी शिमला जिले में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का येल्लो अलर्ट जारी किया गया है। 20 और 21 अगस्त को शिमला के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं है। हालांकि इन दिनों भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने बताया कि 17 से 21 अगस्त तक किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रदेश के निचले और मध्यम पहाड़ी क्षेत्रों में भी 17 से 21 अगस्त के बीच कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। भारी बारिश के दौरान संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा गिरने का खतरा बढ़ सकता है।

निचले इलाकों में अचानक पानी बढऩे और छोटी नदियों व नालों के उफान पर आने की भी आशंका है। सडक़ों पर पानी और मलबा आने से यातायात प्रभावित हो सकता है। बारिश के दौरान वाहन चालकों को फिसलन भरी सडक़ों और कम दृश्यता के कारण विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से भूस्खलन, बाढ़ और मलबा गिरने वाले संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने को कहा है। नदी-नालों और जल स्रोतों के आसपास भी अनावश्यक जाने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और बागवानों को भी मौसम की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए जरूरी सावधानियां बरतने को कहा गया है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

You missed