Spread the love

शिमला। प्रदेश सरकार एसएमसी शिक्षकों को कुछ राहत देने पर विचार कर रही है। इस बार की कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लंबे समय से लटके इस मामले को सुलझाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक तीन मार्च को राज्य सचिवालय में होगी। इसका समय दोपहर बाद दो बजे तय किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस बैठक को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र 10 मार्च से शुरू हो रहा है और उससे पहले होने वाली यह बैठक कई कारणों से महत्त्वपूर्ण है। बजट सत्र के पहले दिन ही राज्यपाल का अभिभाषण होगा, इसीलिए अभिभाषण का ड्राफ्ट मंत्रिमंडल ने अप्रूव करना है।

इसके अलावा शिक्षा विभाग में सीनियर सेकेंडरी स्कूलों और डिग्री कालेज के युक्तिकरण को लेकर भी फैसला हो सकता है। कैबिनेट की बैठक से पहले शुक्रवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शिक्षा विभाग की बैठक की है। इसमें कैबिनेट एजेंडे को लेकर निर्देश दिए हैं। इसमें तय हुआ है कि 100 से कम एडमिशन वाले डिग्री कालेजों को लेकर फैसला मंत्रिमंडल ले। इसी के साथ डिग्री कालेज में सब्जेक्ट वाइज एडमिशन के आधार पर भी कुछ सब्जेक्ट बंद करने और चुनिंदा कालेजों में नए सब्जेक्ट शुरू करने को लेकर निर्णय हो सकता है। उच्च शिक्षा विभाग की तरफ से ऐसे सीनियर सेकेंडरी स्कूलों को डाउनग्रेड करने का मामला भी भेजा जा रहा है, जहां एडमिशन 25 से कम बच्चों की है। इसमें उच्च शिक्षा विभाग चार विकल्प मंत्रिमंडल के सामने रखेगा। इसी के साथ ब्वायज और गल्र्स स्कूलों को मर्ज करने का प्रस्ताव भी कैबिनेट में जा रहा है।

यदि इन दोनों मामलों में फैसला हो गया, तो करीब 1600 स्कूल लेक्चरर सरप्लस हो जाएंगे, जिन्हें अन्य स्कूलों में ट्रांसफर किया जा सकेगा। मंत्रिमंडल की इस बैठक में शिक्षा निदेशालय का स्ट्रक्चर बदलने को लेकर अभी कैबिनेट नोट नहीं बना है, लेकिन स्कूल मैनेजमेंट कमेटियों (एसएमसी) के माध्यम से रखे गए शिक्षकों को पांच फीसदी लिमिटेड डायरेक्ट रिक्रूटमेंट कोटा देने के लिए वन टाइम छूट का मामला कैबिनेट में जा रहा है। इसके तहत 1400 पदों पर एक साथ भर्ती होगी और यह भर्ती परीक्षा स्कूल शिक्षा बोर्ड लेगा। कुछ स्कूलों के नाम शहीदों के नाम पर रखने का मामला भी भेजा जा रहा है। यह भी संभव है कि शिक्षा विभाग में किया जा रहे इन बदलावों पर कैबिनेट से पहले मुख्यमंत्री एक प्रेजेंटेशन लें।

You missed