Spread the love

शिमला| हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। 23 फरवरी से 15 मार्च तक चलने वाले सत्र के दौरान 16 बैठकें होंगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चार मार्च को 2022-23 का बजट पेश करेंगे। चुनावी वर्ष में सत्र में हंगामे के आसार हैैं। जयराम सरकार के अंतिम बजट सत्र में विपक्ष की ओर से तीखे हमले होंगे। सत्तापक्ष भी इनका जवाब देने का तैयार है।विधायकों की ओर से मुख्‍यत दस मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी है। महंगाई, बेरोजगारी, सरकारी व सार्वजनिक उपक्रमों में रिक्त पड़े पदों को भरने, नशाखोरी, पर्यटन, परिवहन, कर्मचारियों की मांगों, सड़कों की डीपीआर, शिक्षण व स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन सहित कई अन्य मुद्दों को लेकर प्रश्न पूछे गए हैं।

मंडी जिले में जहरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत का मामला भी विधानसभा में गूंजेगा। ऊना में अवैध पटाखा फैक्ट्री पर भी विपक्ष सरकार को घेरेगा। सत्र के दौरान सुरक्षा के लिए ड्रोन से भी विधानसभा परिसर की निगरानी रहेगी। परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर 480 पुलिस जवान, 70 गृह रक्षक तथा सीआइडी जवानों की तैनाती की गई है।प्रदेशभर में सरकारी विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारी आंदोलनरत हैं और विधानसभा का घेराव करने के लिए पहुंचेंगे। बजट सत्र के दौरान तीन व 10 मार्च को गैर सरकारी दिवस होगा। सत्र के दौरान दूसरे शनिवार को सार्वजनिक अवकाश की स्थिति में सत्र आयोजित नहीं होगा। दो शनिवार को सत्र का आयोजन होगा।

मिले हैं 1069 प्रश्नों के नोटिस

विधानसभा सचिवालय को अभी तक 1069 प्रश्नों के नोटिस मिले हैं। इनमें से 722 तारांकित व 347 अतारांकित प्रश्न हैं। सदस्यों की तरफ से 506 तारांकित सवालों के नोटिस आन लाइन व 216 तारांकित सवालों के नोटिस आफ लाइन मिले हैं। इसी तरह 184 अतारांकित सवालों के आनलाइन व 153 के आफलाइन नोटिस मिले हैं। नियम 101 के तहत छह तथा 130 के तहत चर्चा के लिए पांच नोटिस अभी तक मिले हैं। 28 फरवरी तक विधायक बजट सत्र के लिए प्रश्न और नोटिस भेज सकते हैं।

You missed