शिमला। केंद्र सरकार के निर्देशों के चलते हिमाचल प्रदेश में आपदा प्रबंधन एक्ट लागू कर दिया गया है और राज्य सरकार को आपात अधिकारों के इस्तेमाल की अनुमति मिल गई है। प्रदेश में आगामी तीन छुट्टियों के दौरान प्रदेश के सभी आवश्यक सरकारी कार्यालय जैसे मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव कार्यालय, गृह सचिव दफ्तर और आपदा नियंत्रण कक्ष सीमित स्टाफ के साथ कार्यरत रहेंगे। प्रदेश के गगल और भुंतर एयरपोर्ट 15 मई सुबह साढ़े पांच बजे तक सिविल उड़ानों के लिए बंद कर दिए गए हैं। हिमाचल के इंदौरा और नूरपुर के साथ बीबीएन एरिया में भी शुक्रवार रात को ब्लैक आउट किया गया, जबकि इंदौरा के अटाहड़ा पुल के पास पाकिस्तानी मिसाइल या फिर ड्रोन का संदिग्ध टुकड़ा मिला है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के दृष्टिगत शुक्रवार को प्रदेश के सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की और विभिन्न जिलों में मौजूदा स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को वर्तमान स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम सुक्खू ने कहा कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, लेकिन सभी स्तरों पर सतर्क रहना नितांत अनिवार्य है। आगामी तीन छुट्टियों के दौरान प्रदेश में सभी आवश्यक सरकारी कार्यालय जैसे मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव कार्यालय, गृह सचिव दफ्तर और आपदा नियंत्रण कक्ष सीमित स्टाफ के साथ कार्यरत रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पठानकोट, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिलों के प्रशासन को विशेष रूप से सतर्क रहने की आवश्यकता है। यदि इन राज्यों में सायरन से सतर्क किया जाए, तो तुरंत आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होंने जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के दृष्टिगत केंद्र और राज्य सरकार की ओर से जारी दिशा निर्देशों का पूर्ण गंभीरता से पालन करने को कहा। उन्होंने धार्मिक स्थलों, हवाई अड्डों, बांधों, पुलों और अन्य महत्त्वपूर्ण संस्थानों में पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नियमित रूप से मॉकड्रिल आयोजित करने को भी कहा और प्रदेश में स्थापित नियंत्रण कक्षों को और अधिक सुदृढ़ करनेे के लिए प्रदेश सरकार द्वारा हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार और भारतीय सेना के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए पाकिस्तानी सेना को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारी सेनाएं साहस और धैर्य के साथ दुश्मन का सामना कर, देश की रक्षा कर रही हैं और हमें अपनी सेनाओं पर गर्व है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से केवल आधिकारिक जानकारी पर विश्वास करने और अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक डा. अतुल वर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव केके पंत, ओंकार चंद शर्मा, आरडी नजीम, प्रधान सचिव (वित्त) देवेश कुमार, सचिव अभिषेक जैन, राकेश कंवर बैठक में उपस्थित थे, जबकि सभी जिलों के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
