शिमला। राज्य के कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊपरी इलाकों में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। दोपहर बाद रोहतांग और बारालाचा दर्रे में फाहे गिरे हैं। धौलाधार की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं, सीबी रेंज की पहाड़ी, कुंजम दर्रा की ऊंची चोटियों पर भी हल्का हिमपात हुआ है। चोटियों पर हल्की बर्फबारी से मनाली में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग ने मैदानी और मध्य पर्वतीय जिलों में शनिवार को भारी बारिश, बर्फबारी और अंधड़ की चेतावनी जारी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में शनिवार को बिजली गरजने का येलो अलर्ट भी जारी किया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
24 जनवरी को भी पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। 25 जनवरी को पूर्ण राज्यत्व और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिलने के साथ हल्के बादल भी छाए रहे। अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की कमी दर्ज हुई है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों के मौसम में ठंडक बढ़ गई है। शनिवार सुबह उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।25 से 28 जनवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है।
शुक्रवार को सोलन में अधिकतम तापमान 22.5, बिलासपुर में 20.0, हमीरपुर में 19.8, कांगड़ा में 17.9, सुंदरनगर में 17.7, चंबा में 17.3, ऊना में 17.2, भुंतर में 16.4, शिमला में 15.5, धर्मशाला में 14.6, डलहौजी में 9.9, कल्पा में 9.0 और केलांग में 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गुरुवार रात केलांग में न्यूनतम तापमान -4.9, कल्पा में -0.7, मनाली में -0.2, सोलन में 1.5, मंडी-सुंदरनगर में 2.2, भुंतर में 2.7, ऊना में 3.6, हमीरपुर में 3.8, बिलासपुर में 4.0, धर्मशाला में 5.8, कांगड़ा में 6.0, शिमला में 7.6 और नाहन में 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
