शिमला/कुल्लू | हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों पांगी सहित अटल टनल रोहतांग में बुधवार को ताजा बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला में हल्के बादल छाए रहे। प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू, चंबा व कांगड़ा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वीरवार और शुक्रवार को भी बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। बर्फबारी के चलते किलाड़-लाहौल-स्पीति राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 126 सड़कें और 38 बिजली ट्रांसफार्मर अभी भी ठप है।
प्रदेश के मैदानी जिलों में बुधवार को धूप खिली रही। बिलासपुर, ऊना, मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई। जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी में बुधवार सुबह 11:00 बजे बर्फबारी हुई। पांगी में तीस से अधिक मार्ग और 25 बिजली ट्रांसफार्मर बंद है। जिला मुख्यालय में पूरे दिन बादल छाए रहे। जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में भी दिनभर बादल छाए रहे।
