Spread the love

शिमला। भारत की प्रतिष्ठित मोबाइल कंपनी का टावर लगाने का झांसा देकर 1.53 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी के शिकार व्यक्ति की शिकायत पर बालूगंज थाना में अज्ञात जालसाज के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सिरमौर जिले की शिलाई तहसील के क्यारी का मूल निवासी है। वर्तमान में शिमला के तारादेवी क्षेत्र में रह रहा है। शातिर पिछले एक साल से कागजी कार्रवाई पूरी करने की बात कहकर आरोपी से डेढ़ लाख रूपये से अधिक ठग चुका है।पुलिस के मुताबिक चमेल सिंह पूत्र जालम सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 8 अगस्त 2019 को उसे मोबाइल नंबर 7082667547 से काॅल आई। काॅल करने वाले शख्स ने उसे जियो का टावर उसकी जमीन पर लगाने का झांसा दिया।

आरोपी ने टावर लगावाने से 30 लाख रूपये मिलने की जानकारी दी। पीड़ित इस बात से सहमत हो गया। ठग ने कागजी कार्रवाई पूरी करने की एवज में कुछ रकम जमा करवाने को कहा। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी के कहने पर वह दो अलग-अलग बैंक खातों में अब तक एक लाख 53 हजार रूपये जमा करवा चुका है। पिछले 15 दिन से आरोपी का मोबाइल स्विच आफ आने पर उसे ठगी का अहसास हुआ और थाने में शिकायत दर्ज करवाई। एएसपी शिमला मनमोहन सिंह ने पुष्टि करते हुए गुरूवार को कहा कि पीड़ित की तहरीर पर आईपीसी की धारा 420 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

You missed