Spread the love

शिमला | प्रदेश में बन रहीं कथित अवैध मस्जिदों और मजारों के निर्माण पर रोक की मांग को लेकर देवभूमि संघर्ष समिति शिमला सीटीओ चौक पर प्रदर्शन करेगी। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है। समिति ने प्रदेशभर के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन का एलान किया है। इसे देखते हुए जिला पुलिस समेत खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।देवभूमि संघर्ष समिति केंद्र सरकार से वक्फ बोर्ड को समाप्त करने और प्रदेश में अवैध रूप से आने वाले लोगों को रोकने के लिए प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपेगी। इसके अलावा संजौली समेत प्रदेशभर में हुए प्रदर्शन के दौरान लोगों पर दर्ज एफआईआर को वापस लेने की मांग की जाएगी। इससे पूर्व समिति ने प्रेसवार्ता कर प्रदेशभर में 2 अक्तूबर का होने वाले ग्रामसभाओं में पंचायतों में बाहर से आने वाले लोगों के दस्तावेजों की जांच को लेकर प्रस्ताव पास करने की मांग की है। समिति का कहना है कि प्रदेश सरकार संजौली मसले पर टालमटोल कर रही है और मुस्लिम पक्ष को इसे गिराने की अनुमति नहीं दे रही है।

गौर हो संजौली में उग्र प्रदर्शन के बाद जिला पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां प्रदर्शन की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। संजौली में प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों की संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हो गया था। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग और फिर बल प्रयोग करके प्रदर्शनकारियों को किसी तरह से रोका था। इसके बाद शिमला शहर की सभी मस्जिदों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। खासकर संजौली मस्जिद जाने वाले तीनों रास्तों पर अभी भी पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है।

You missed