शिमला। पुलिस को नशे के खिलाफ मुहिम में बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने चार तस्करों को काबू किया है। पुलिस ने एक तस्कर को तारादेवी क्षेत्र तथा तीन अन्य आरोपियों को शिमला-बिलासपुर हाईवे पर सोलह मील में एक कार में गिरफ्तार किया। इनमें एक नाबालिग है। सोलह मील में पकड़े गए तीन तस्कर चरस व अफीम को तारादेवी में रहने वले एक तस्कर को सप्लाई करते थे। यह भी सामने आया है कि तस्कर लंबे समय से मादक पदार्थों के कारोबार को अंजाम दे रहे थे।दरअसल पुलिस को सुचना मिली थी कि तारादेवी का एक शख्स चरस को बेचने के धंधें में संलिप्त है।
इस पर बालूगंज पुलिस ने तारादेवी के पास चमरोग गांव निवासी हेम राज उर्फ काका के मकान में छापा मारा और तलाशी के दैरान मकान से 590 ग्राम चरस तथा 10 ग्राम अफीम बरामद की। इसके अलावा मकान से 83 हजार 20 रूपये की नकदी तथा विभिन्न बैंकों के भरे हुए 17 चैक तथा 131 खाली चैक भी बरामद किए।
आरोपी हेम राज ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि चरस व अफीम को उसने तीन लोगों से खरीदा है। पुलिस ने तीनों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया तथा शिमला-बिलासपुर हाईवे पर 16 मील के पास एक कार में तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया। पकड़े गए दो आरोपियों की पहचान धर्मपाल उर्फ राहुल और दोबी राम के रूप में हुई है, जबकि तीसरा नाबालिग है।
ये कुल्लू के आनी के रहने वाले हैं। एएसपी मनमोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने छापेमारी के दौरान मकान से चरस, अफीम, नकदी व बैंकों के चैक बरामद किए हैं। इस मामले में तीन आरोपियों के विरूद्व एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
