Spread the love

शिमला। छह बार हिमाचल के मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को 87वां जन्मदिवस सादगी के साथ मनाया। कोरोना महामारी को देखते हुए उन्होंने कोई आयोजन तो नहीं रखा, लेकिन उनके आवास होलिलोज पर उन्हें बधाई देने के लिए उनके समर्थकों व कांग्रेस नेताओं का तांता लगा रहा। इस अवसर पर सोशल डिस्टेंसिनग का पूरा ध्यान रखा गया। वीरभद्र सिंह ने विधायक बेटे विक्रमादित्य सिंह, पत्नी प्रतिभा सिंह और अपने कुछ समर्थकों के साथ जन्मदिवस पर केक काटा। सुबह से समर्थक वीरभद्र सिंह को बधाई देने पहुंचने शुरू हो गए थे।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरभद्र सिंह को जन्मदिवस की बधाई दी और ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना की।वीरभद्र सिंह ने पत्रकारों से अनोपचारिक बातचीत में उन्हें शुभकामना देने वालों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दिन-प्रतिदिन उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और वह स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि ईश्वर व मां भीमाकाली की कृपा से उन्हें प्रदेश की सेवा करने का मौका मिला है। कांग्रेस नेता यशवंत छाजटा सहित पार्टी के अन्य नेता इस अवसर पर मौजूद रहे।

You missed