शिमला | कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि अगर आज देश में अघोषित आपातकाल होता तो कांग्रेस के कई नेता जेल में होते। साल 2014 के बाद बोलने की जो आजादी मिली है, वह पहले कभी नहीं थी। कांग्रेस नेताओं का पूरा दिन अब प्रधानमंत्री सहित भाजपा नेताओं के खिलाफ अपशब्द बोलने में ही गुजरता है। उन्होंने कहा कि संविधान की हत्या करने वाली कांग्रेस के कुछ नेता आजकल संविधान की किताब उठाकर जनता को भ्रमित करने में लगे हुए हैं। वीरवार को शिमला स्थित होटल पीटरहॉफ में प्रेस वार्ता करते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के रिजिजू ने आपातकाल को याद करते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की नीतियों और कांग्रेस पार्टी की विचारधारा पर घेरा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बीते 11 साल में देश में जितनी बोलने की आजादी इन्हें मिली है, ऐसा विश्व में कहीं पर भी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हुई कैबिनेट बैठक में एक प्रस्ताव पास किया गया है, जिसमें कहा गया है कि आपातकाल में लोकतंत्र की हत्या हुई थी। लोकतंत्र की जननी के रूप में भारत सांविधानिक मूल्यों के संरक्षण, सुरक्षा और रक्षा का मूर्तरूप है। उन्होंने कहा कि सरकार एवं पार्टी इस प्रस्ताव को देश के जन-जन तक पहुंचने में कार्य करेगी। लोकतंत्र को जिंदा रखने की जिम्मेदारी देश के प्रति एक व्यक्ति की है। आपातकाल के समय बड़े नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। आम आदमी की स्वतंत्रता छीन ली गई थी। उस समय की सरकारें चाहती थीं कि देश की न्यायपालिका एक परिवार के प्रति समर्पित हो।
उन्होंने कहा कि किन्नौर में इनडोर मल्टीपरपज स्टेडियम बनाया जाएगा, इसकी लागत 4.89 करोड़ होगी। 4.80 करोड़ से इनडोर स्टेडियम ग्रास गाबो, काजा क्रिकेट ग्राउंड में उच्च ऊंचाई वाले खेल प्रशिक्षण केंद्र, आइस हॉकी रिंक और पवेलियन तथा खेल प्रशिक्षण केंद्र पर 73.77 करोड़ खर्च होंगे। क्रिकेट ग्राउंड आउटडोर स्टेडियम पर 8.46 करोड़ और केलांग में एनएमडीएफसी की 26.75 करोड़ की लागत की सीवरेज योजना की आधारशिला रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पीति में इस प्रोजेक्ट से 1,000 घरों को सीवरेज लाइन, 3.3 किलोमीटर के दायरे में पाइपलाइन और 50 नौकरियों का मौका मिलेगा। इन सभी परियोजनाओं को खेलो इंडिया फिट इंडिया मूवमेंट के साथ जोड़ा जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि ऊना, सिरमौर, सोलन और चंबा जिला के लिए योजना बन रही है। जल्द ही इन जिलों में जाकर शिलान्यास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि छह जुलाई को दलाईलामा के जन्मदिवस के अवसर पर वह धर्मशाला आएंगे। इस दौरान विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर आगामी रणनीति बनाई जाएगी।
आपातकाल में जेल काटने वाले प्रहरियों को केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने किया सम्मानित
केंद्रीय ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष तिलक राज द्वारा आयोजित एक मॉक पार्लियामेंट का भी उद्घाटन किया इसमें कालेज और स्कूलों के युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। केंद्रीय मंत्री ने संगोष्ठी को भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल कहा कि देश में संविधान की हत्या के 50 वर्ष आपातकाल का दंश याद रखना और याद दिलाना, दोनों जरूरी है। कांग्रेस आज भी उसी तानाशाही मानसिकता के साथ जी रही है। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस समझती है कि इस देश की सत्ता पर केवल एक परिवार का हक है। तभी तो उसने अपनी सरकार के प्रधानमंत्री के ऊपर भी सुपर पीएम बिठा दिया था। एक गरीब का देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचना कांग्रेस से हजम नहीं हो रहा है। कांग्रेस-शासित राज्यों में कानून व्यवस्था का हाल आज भी वही है, जो आपातकाल में था। इस दौरान शिमला से सांसद सुरेश कश्यप, विधायक बलबीर वर्मा, कार्यक्रम सह योजक संजय सूद, जिला अध्यक्ष अरुण केशव और प्रदेश प्रभारी कर्ण नंदा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
