शिमला/कुल्लू | हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर थमते ही धूप खिलने से पारा फिर चढ़ना शुरू हो गया है। वीरवार को प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। नौ जून तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बीते दिनों हुई बारिश और बर्फबारी से रात के समय मौसम में ठंडक बरकरार है। बुधवार रात प्रदेश के छह स्थानों में न्यूनतम तापमान दस डिग्री से कम रहा।राजधानी शिमला में वीरवार को कई दिनों बाद मौसम साफ रहा। शहर में हल्के बादल छाए रहे। बीते चार दिनों से शहर में सुबह और शाम के समय बारिश हो रही थी। अब मौसम खुल गया है। जिला कुल्लू और लाहौल घाटी में भी वीरवार को मौसम साफ रहा। ऊना जिला में तपिश बढ़ने लगी है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार छह जून को कुछ उच्च पर्वतीय स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। 7 से 11 जून तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। बुधवार को रोहतांग दर्रा के ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क की पहाड़ियों में ताजा बर्फबारी हुई। उधर, बुधवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 10.4, सुंदरनगर में 15.0, भुंतर में 13.6, कल्पा में 6.4, धर्मशाला में 11.9, ऊना में 15.2, नाहन में 17.9, केलांग में 4.8, सोलन में 13.6, मनाली में 9.3, कांगड़ा में 14.1, मंडी में 15.7, बिलासपुर में 17.6, डलहाैजी में 13.4, कुकुमसेरी में 6.9, भरमाैर में 8.8, धाैलाकुआं में 20.2, कसाैली में 14.9, पांवटा साहिब में 21.0, ताबो में 7.7 और नेरी में 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
