Spread the love

शिमला। प्रेम-उल्लास का पर्व होली शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। होली पर शिमला में भी खूब गुलाल उड़ा। प्रदेश सहित राजधानी शिमला में होली का जश्न मनाया गया। मुख्यमंत्री प्रदेश के लोगों को होली के शुभ अवसर पर शुभकामनाएं दीं। अपने सरकारी आवास ओकओवर में होली उत्सव मनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। ओक ओवर में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और शिमला के गणमान्य नागरिकों ने एकत्रित होकर मुख्यमंत्री के साथ होली मनाई और उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, मेयर सुरेंद्र चौहान, मुख्य सचिव प्रबोद्ध सक्सेना सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी ओकओवर में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक लोक संगीत की धुनों पर नृत्य कर किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक संजय अवस्थी और कमलेश ठाकुर के साथ राजभवन पहुंचे और राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सभी ने राज्यपाल को गुलाल लगाया। राज्यपाल ने भी प्रदेशवासियों को होली की मंगलकामनाएं दीं।

उधर, राजभवन में होली समारोह में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, उनकी पत्नी जानकी शुक्ल शामिल हुए। इस दाैरान राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के साथ सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया, नेता प्रतिपक्ष सहित मंत्रियों ने नाटी डाली। साथ ही एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने दी होली की बधाई
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी सीएम के साथ ओकओवर में होली मनाई। इस दाैरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी माैजूद रहे। प्रतिभा सिंह ने रंगों के त्योहार होली उत्सव पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रतिभा सिंह ने एक संदेश में उम्मीद जताई है कि रंगों का यह उत्सव हमारी सामाजिक और धार्मिक एकता और आपसी भाईचारे को और मजबूत करेगा।

नेता प्रतिपक्ष जयराम व उपमुख्यमंत्री ने दी होली की बधाई
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार रंगों, प्यार और खुशी का प्रतीक है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि होली का यह पावन अवसर सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आएगा। रंगों का यह त्योहार समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता को बढ़ावा देता है और हम सभी को जिम्मेदारी से इस त्योहार को मनाना चाहिए। शिमला के संजाैली में युवा डीजे की धुनों पर झूमे।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी समर्थकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं संग होली मनाई। इस दाैरान उन्होंने समर्थकों संग नाटी भी डाली। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। कहा कि आज नशे के खात्मे को लेकर सभी प्रण लें और आगे बढ़ें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कार्यकर्ताओं संग झांसी पार्क नाहन में मनाई होली
नाऐतिहासिक शहर नाहन में होली का पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर में युवा टोलियां बनाकर जगह-जगह घूमकर होली मना रहे हैं। इसी बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भी नाहन में आम जनता के साथ रानी झांसी पार्क में होली मनाई।

You missed